Kosi Live-कोशी लाइव बिहार:सीएम की घोषणा, बिहार में सर्वे के लिये 20 हजार जूनियर इंजीनियरों की होगी बहाली - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, January 16, 2019

बिहार:सीएम की घोषणा, बिहार में सर्वे के लिये 20 हजार जूनियर इंजीनियरों की होगी बहाली

कोशी लाइव:अक्की

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर में नवनिर्मित पॉलिटेक्निक कॉलेज का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने बरियारपुर रेलवे ओवरब्रिज और टेटियाबंबर के प्रखंड सह अंचल के आवासीय कार्यालय का भी उद्घाटन यहीं से किया। 
इस दौरान सीएम ने कहा कि बिहार में 4 हजार जूनियर इंजीनियरों की बहाली के लिए तकनीकी चयन आयोग को प्रस्ताव भेजा गया है। जबकि 20 हजार जूनियर इंजीनियरों की नियुक्ति कर सर्वे के काम में लगाए जाने की सरकार योजना बना रही है।

संस्थानों में ही शिक्षकों के लिए बनेंगे आवास
मुख्यमंत्री ने सभी इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक कॉलेजों में छात्रों के साथ ही कॉलेजों के शिक्षक और सभी कर्मियों की आवासीय व्यवस्था कॉलेज कैंपस में ही करने का निर्देश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग को दिया। पॉलिटेक्निक कॉलेज में छात्रों के छात्रावास की क्षमता 300 से बढ़ाकर 400 करने का निर्देश दिया। वहीं छात्राओं के लिए 100 से बढ़ाकर 200 से 250 करने का मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया।
रेल सह सड़क पुल के एप्रोच पथ की दूर होंगी बाधाएं
जल्द ही मुंगेर रेल सह सड़क पुल के एप्रोच पथ का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। सीएम ने 900 मीटर के एप्रोच पथ के निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर करने का निर्देश दिया। टोपोलैंड धारियों की जमीन अधिग्रहण के बदले उन्हें लगभग 10 करोड़ रुपये मुआवजा के तौर पर दिया जाएगा। नवीनगर में एनटीपीसी निर्माण के समय भी यही बातें सामने आई थी, कि कर्मचारियों ने कुछ लोगों की जमीन का लगान रसीद काटकर एक दूसरे से खरीद-बिक्री भी करने लगे थे। वहां भी जमीन अधिग्रहण करने में समस्या उत्पन्न हो रही थी। जिसे मुआवजा देने का निर्देश दिया गया था। इसी प्रकार की समस्या यहां भी है। इसी कारण यहां भी मुआवजा देने का निर्देश दिया गया है। 
मोदी ने कहा, भीम बांध और खड़गपुर झील होंगे विकसित  
वहीं उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कहा कि 8. 50 करोड़ से भीम बांध और 1.90 करोड़ से खड़गपुर झील को विकसित किया जाएगा। सभा को पथ निर्माण मंत्री नंदकिशोर यादव, जल संसाधन मंत्री राजीव रंजन सिंह ललन, आवास मंत्री महेश्वर हजारी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री जय कुमार सिंह, ग्रामीण कार्य मंत्री शैलेश कुमार, विधायक डा. मेवालाल चौधरी और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रधान सचिव हरजोत कौर ने संबोधित किया