Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा :टास्क फोर्स की छापेमारी, 3.5 किलो पॉलीथिन जब्त, प्रतिबंध से दुकानदार परेशान - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, December 24, 2018

सहरसा :टास्क फोर्स की छापेमारी, 3.5 किलो पॉलीथिन जब्त, प्रतिबंध से दुकानदार परेशान

कोशी लाइव:AKKY

राज्य में रविवार से पॉलीथिन बैग पर पूरी तरह से प्रतिबंध लागू हो गया है। प्रतिबंध के बाद रविवार को लोगों के हाथों में काफी हद तक प्लास्टिक के कैरी बैग की जगह झोला नजर आया।
हालांकि रविवार की वजह से ज्यादातर दुकानें बंद थी। लेकिन लोग सब्जी, फल, दूध सहित अन्य फुटकर सामान लेने के लिए झोला लेकर बाजार में देखे गए। दुकानदार भी लोगों को सामान देने के लिए झोला की मांग करते नजर आए। वहीं व्यवसायियों द्वारा भी प्लास्टिक की जगह झोला का स्टॉक करना शुरू कर दिया गया है। शुरुआत में थोड़ी परेशानी हुई लेकिन कानून का डर भी लोगों में नजर आया।
इधर, नगर परिषद द्वारा गठित टास्क फोर्स द्वारा अभियान चलाया गया। पांच दुकानदारों को पॉलीथिन में सामान देते पकड़ा। उसे सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया गया। नगर मिशन प्रबंधक राजीव कुमार ने बताया कि शहर के शंकर चौक सहित विभिन्न जगहों पर दुकानों से 3.5 किलोग्राम पॉलीथिन जब्त किया गया। पांच दुकानदारों को पहले दिन पॉलीथिन देते पकड़ा गया। उसे सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया गया।
जागरूकता जरूरी: अब लोगों को पॉलीथिन का विकल्प तलाशना होगा। पॉलीथिन से होने वाले विभिन्न नुकसान को देखते हुए लोगों में जागरूकता जरूरी है। हाल के कुछ वर्षों के दौरान प्लास्टिक कैरी बैग का इस्तेमाल बढ़ गया था। इससे पूर्व लोग आसानी से कागज का ठोंगा, जूट का झोला का इस्तेमाल करते थे। लेकिन पॉलीथिन का पर्यावरण पर बढ़ते प्रदूषण के कारण राज्य सरकार द्वारा हर प्रकार के पॉलीथिन पर प्रतिबंध लगाया गया है। प्रतिबंध को कड़ाई से लागू करने के लिए दंडात्मक कार्रवाई भी की गई है। जिसके तहत 100 रुपये से लेकर पांच हजार रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान किया गया है। पहली बार गलती करने पर कम, दूसरी ओर तीसरी बार गलती दोहराने पर जुर्माने की राशि बढ़ती जाएगी। शहरी निकाय के दुकानदार, विक्रेता, फुटकर विक्रेता, थोक विक्रेता, फेरी वाला, सब्जी व्यवसायी प्रतिबंध के दायरे में शामिल हैं।



सहरसा पॉलिथिन प्रतिबंध से दुकानदार परेशान

प्लास्टिक कैरी बैग प्रतिबंध लगाने के बाद लोगों में अन्य विकल्पों के इस्तेमाल के प्रति जागरूकता बढ़ी है। लोग सामान खरीदने के लिए जूट सहित अन्य प्रकार के थैले, झोला का इस्तेमाल सामान खरीदारी के लिए कर रहे हैं। सब्जी मंडी में भी पॉलीथिन में सब्जी बेचना दुकानदारों ने बंद कर दिया है। खरीदारी करने वाले और बेचने वाले दोनों को कानून का डर नजर आ रहा है लेकिन इससे कुछ परेशानी की बात भी सामने आ रही है। खासकर रेडिमेड या अन्य कपड़ा दुकानदारों की समस्या बढ़ गयी है। कपड़े की दुकानों में बड़े पैमाने पर प्लास्टिक कैरी बैग का ही इस्तेमाल होता है। जिस वजह से दुकानदार प्लास्टिक कैरी बैग की खरीदारी थोक के रूप में करते हैं। लेकिन प्रतिबंध लागू होने की वजह से न दुकानदार सामान देने के लिए प्लास्टिक बैग दे पा रहे हैं और न ही इसे जला रहे हैं। क्योंकि प्लास्टिक जलाना भी प्रतिबंधित है और साथ जलाते हुए पकड़े जाने पर जुर्माने का भी प्रावधान है। जिस वजह से दुकानदारों को दोहरी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।