Kosi Live-कोशी लाइव Crime News:बिहार में चोरी के वाहनों का खुलासा: किशनगंज और कटिहार से चोरी की दो बाइक जोकीहाट से बरामद, एक गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, November 23, 2026

Crime News:बिहार में चोरी के वाहनों का खुलासा: किशनगंज और कटिहार से चोरी की दो बाइक जोकीहाट से बरामद, एक गिरफ्तार

अररिया में चोरी के वाहनों का खुलासा: किशनगंज और कटिहार से चोरी की दो बाइक जोकीहाट से बरामद, एक गिरफ्तार

अररिया। जिले के जोकीहाट थाना क्षेत्र में पुलिस ने चोरी के वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो मोटरसाइकिल और एक सीएनजी टेंपो बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद दोनों मोटरसाइकिलें किशनगंज और कटिहार जिले से चोरी की गई थीं। वहीं, सीएनजी टेंपो के कागजात नहीं मिलने पर पुलिस उसके स्वामित्व और चोरी से जुड़े होने की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर की रात जोकीहाट थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि सिमरिया पंचायत के बागमारा गांव निवासी मो. इश्तियाक अपने घर में अलग-अलग जगहों से चोरी की गई मोटरसाइकिलें रखता है और उनका अवैध कारोबार करता है।

सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अवर निरीक्षक सोनाली कुमारी के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने स्थानीय चौकीदार की मदद से बागमारा गांव स्थित आरोपी के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान एक काले रंग की स्प्लेंडर बाइक, एक टीवीएस अपाची और एक सीएनजी टेंपो बरामद किया गया।

किशनगंज से जुलाई में चोरी हुई थी स्प्लेंडर

पुलिस जांच में बरामद काले रंग की स्प्लेंडर बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर BR37AG3988 पाया गया। सत्यापन के दौरान पता चला कि यह बाइक किशनगंज जिले की रुकसार प्रवीण की है। उनकी बाइक 19 जुलाई 2026 को हलिम चौक से चोरी हुई थी। इस संबंध में किशनगंज थाना में कांड संख्या 809/26 दर्ज है।

कटिहार से 2024 में चोरी हुई थी अपाची

वहीं, बरामद दूसरी बाइक टीवीएस अपाची का रजिस्ट्रेशन नंबर BR39AR8408 है। पुलिस के अनुसार, यह बाइक कटिहार जिले के कदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी हरिपुर निवासी सदाब की है। उनकी बाइक 12 दिसंबर 2024 को चोरी हुई थी। इस मामले में कदवा थाना में कांड संख्या 383/24 दर्ज है।

सीएनजी टेंपो के कागजात नहीं मिले

छापेमारी के दौरान पुलिस ने BR19PS489 नंबर का एक सीएनजी टेंपो भी बरामद किया। आरोपी वाहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने तीनों वाहनों को जब्त कर लिया। हालांकि, टेंपो चोरी का है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस उसके रजिस्ट्रेशन और स्वामित्व से संबंधित जानकारी जुटा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान

गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिमरिया पंचायत के बागमारा गांव के वार्ड संख्या एक निवासी मो. इश्तियाक, पिता रजाबुल के रूप में हुई है। पुलिस उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि किशनगंज और कटिहार से चोरी की गई दोनों मोटरसाइकिलें जोकीहाट तक कैसे पहुंचीं और इस मामले में किसी बड़े वाहन चोरी गिरोह की संलिप्तता तो नहीं है। जांच के बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।

Kosi Live की रिपोर्ट