औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले के होनहार सपूत और सीमा सुरक्षा बल (BSF) में सब-इंस्पेक्टर के पद पर तैनात शुभम यादव (26 वर्ष) का ब्लड कैंसर से निधन हो गया। मंगलवार दोपहर दिल्ली स्थित एम्स में उन्होंने अंतिम सांस ली। बुधवार को उनका पार्थिव शरीर तिरंगे में लपेटकर पैतृक गांव लोहचक लाया गया। जवान का पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
भारत माता के जयकारों के बीच सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई। बेटे का पार्थिव शरीर देखकर मां-पिता फूट-फूटकर रो पड़े। इस भावुक दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
एक साल पहले BSF में मिली थी नौकरी
परिजनों के अनुसार, शुभम बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी, अनुशासित और शांत स्वभाव के थे। उनका सपना देश की सेवा करना था। कड़ी मेहनत और लगन के दम पर उनका चयन सीमा सुरक्षा बल में सब-इंस्पेक्टर के पद पर हुआ था।
करीब एक साल पहले ही उन्हें सरकारी नौकरी मिली थी। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उनकी पहली तैनाती राजस्थान के जोधपुर में हुई थी। बेटे की सफलता से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में खुशी का माहौल था।
ब्लड कैंसर से जूझ रहे थे शुभम
कुछ समय पहले अचानक शुभम की तबीयत बिगड़ने लगी। जांच के दौरान उन्हें ब्लड कैंसर होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उनका इलाज शुरू कराया गया, लेकिन स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।
करीब एक सप्ताह पहले उन्हें बेहतर इलाज के लिए दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद मंगलवार दोपहर उनका निधन हो गया।
शिक्षित परिवार से थे शुभम
शुभम एक शिक्षित परिवार से ताल्लुक रखते थे। उनके पिता कामता यादव मध्य प्रदेश की बिरला कंपनी में कार्यरत हैं। उनकी बड़ी बहन अंकिता बिहार पुलिस में सेवा दे रही हैं, जबकि छोटा भाई शिवम इंजीनियर है।
परिवार को शुभम की उपलब्धियों पर गर्व था, लेकिन कम उम्र में उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी ग्रामीणों की भीड़
बुधवार शाम शुभम का पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। गांव के लोगों ने अपने होनहार सपूत को नम आंखों से श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान पूर्व मंत्री सुरेश पासवान, कुटुंबा विधायक ललन भुईयां, पूर्व प्रमुख मनोज यादव, राजद प्रखंड अध्यक्ष सत्यनारायण शर्मा, अजय यादव, धर्मेंद्र सिंह और राहुल सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
सभी ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।
देश की सेवा का सपना देखने वाले शुभम का इतनी कम उम्र में दुनिया से चले जाना पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति दें।
विनम्र श्रद्धांजलि!
Kosi Live | नई सोच नई खबर