भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर: अनशन पर बैठी मां से मिले पप्पू यादव, मनोज तिवारी पर लगाया विश्वासघात का आरोप
आरा/शाहपुर: भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में न्याय की मांग को लेकर अनशन पर बैठीं उनकी मां आशा देवी से शुक्रवार को पूर्णिया के सांसद राजीव रंजन उर्फ पप्पू यादव ने मुलाकात की। सांसद ने आशा देवी और परिवार के अन्य सदस्यों से मिलकर पूरे मामले की जानकारी ली और पीड़ित परिवार के प्रति समर्थन जताया।
इस दौरान पप्पू यादव ने कहा कि भरत तिवारी को अब तक न्याय नहीं मिलना उनके परिवार के साथ धोखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से भरत तिवारी के परिवार के साथ विश्वासघात किया है।
मनोज तिवारी पर लगाया परिवार से धोखा करने का आरोप
मुलाकात के दौरान सांसद पप्पू यादव ने सांसद मनोज तिवारी पर भी भरत तिवारी के परिवार के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि भरत तिवारी के न्याय की लड़ाई में पूरा देश उनके परिवार के साथ खड़ा था और आज भी परिवार को समर्थन मिल रहा है। इसके बावजूद अब तक न्याय नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है।
पप्पू यादव ने कहा कि जब तक परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक उनकी मांगों को गंभीरता से उठाया जाना चाहिए।
आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग
सांसद पप्पू यादव ने सरकार से मांग की कि भरत तिवारी मामले में जिन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है, उन्हें तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए।
उन्होंने कहा कि परिवार की गिरफ्तारी संबंधी मांग अब तक पूरी नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सरकार और प्रशासन को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।
आशा देवी सहित परिवार के सदस्य अनशन पर बैठे
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत भरत तिवारी की मां आशा देवी, पिता काशीनाथ तिवारी और परिवार के अन्य सदस्य अनशन पर बैठे रहे।
अनशन को समर्थन देने के लिए क्षेत्र के कई लोग भी पहुंचे। इस दौरान लोगों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई तथा मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में न्याय की मांग को लेकर परिवार का अनशन जारी है।