कटिहार: बिहार के कटिहार जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां सहायक थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक (SI) नागेश्वर महतो की अचानक मौत हो गई। वह एक दुकान से मोबाइल पर बात करते हुए बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान अचानक सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
घटना कटिहार के हृदयगंज इलाके की है। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि SI नागेश्वर महतो दुकान से मोबाइल पर बात करते हुए बाहर निकलते हैं। कुछ कदम आगे बढ़ने के बाद अचानक उनका संतुलन बिगड़ता है और वह सड़क पर गिर जाते हैं। घटना को देखकर आसपास के लोग तुरंत उनकी मदद के लिए दौड़े और उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
हार्ट अटैक की जताई जा रही आशंका
प्रथम दृष्टया पुलिस अधिकारी की मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अचानक हुई इस घटना से इलाके के लोग भी स्तब्ध हैं।
छह महीने पहले कटिहार में हुई थी तैनाती
मृतक SI नागेश्वर महतो मूल रूप से वैशाली जिले के रहने वाले थे। पिछले करीब छह महीने से वह कटिहार के सहायक थाना में पदस्थापित थे। इससे पहले वह सेमापुर थाना में अपनी सेवाएं दे चुके थे। उनके आकस्मिक निधन की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस केंद्र में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
दिवंगत पुलिस अवर निरीक्षक नागेश्वर महतो को पुलिस केंद्र, कटिहार में पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक सलामी दी।
इस दौरान मौजूद पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने भी पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद पूरे पुलिस सम्मान के साथ उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव रवाना किया गया।
एक कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी के अचानक चले जाने से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।