Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS:रेलवे स्टेशन पर 29.30 लाख का गांजा बरामद, डिब्रूगढ़-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस के S-3 कोच से मिले 48 पैकेट - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, November 27, 2026

BIHAR NEWS:रेलवे स्टेशन पर 29.30 लाख का गांजा बरामद, डिब्रूगढ़-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस के S-3 कोच से मिले 48 पैकेट

किशनगंज रेलवे स्टेशन पर 29.30 लाख का गांजा बरामद, डिब्रूगढ़-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस के S-3 कोच से मिले 48 पैकेट

किशनगंज: बिहार में नशे के कारोबार के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने बड़ी कार्रवाई की है। किशनगंज रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को आरपीएफ की टीम ने ट्रेन संख्या 15946 डाउन डिब्रूगढ़-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस के स्लीपर कोच S-3 से 58.6 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 29 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है।

गांजे की यह खेप ट्रेन के कोच में सीट के नीचे लावारिस हालत में रखी गई थी। आरपीएफ ने तलाशी के दौरान कुल 48 पैकेट बरामद किए। मामले में किसी तस्कर की गिरफ्तारी की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

कटिहार से मिली गुप्त सूचना पर आरपीएफ ने चलाया अभियान

जानकारी के अनुसार, कटिहार से आरपीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि डिब्रूगढ़-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस के S-3 कोच में संदिग्ध मादक पदार्थ ले जाया जा रहा है।

सूचना मिलने के बाद आरपीएफ किशनगंज की टीम सतर्क हो गई। अवर निरीक्षक प्रशांत कुमार, सहायक अवर निरीक्षक एचपी सिंह और कांस्टेबल पी कुमार ने ट्रेन के किशनगंज पहुंचने पर तलाशी अभियान चलाने की तैयारी की।

प्लेटफॉर्म संख्या दो पर पहुंचते ही हुई सघन तलाशी

ट्रेन के किशनगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर पहुंचते ही आरपीएफ की टीम S-3 कोच में दाखिल हुई और सघन तलाशी शुरू कर दी।

इस दौरान कोच में सीट के नीचे लावारिस हालत में रखे 48 पैकेट मिले। जब पैकेटों की जांच की गई तो उनमें गांजा पाया गया। सभी पैकेटों का कुल वजन 58.6 किलोग्राम निकला।

आरपीएफ ने गांजे को ट्रेन से उतारकर प्लेटफॉर्म पर लाया और फिर आरपीएफ पोस्ट में सुरक्षित रखा।

विधिवत जब्ती सूची तैयार, रेल थाना को सौंपा गया गांजा

बरामद गांजे की जब्ती सूची कटिहार की विशेष टीम के सहायक अवर निरीक्षक एस घोष और कांस्टेबल अमित कुमार की मौजूदगी में विधिवत तैयार की गई।

कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब्त गांजे को आगे की कार्रवाई के लिए किशनगंज रेल थाना को सौंप दिया गया।

रेल थाना में प्राथमिकी दर्ज, तस्करों की तलाश जारी

किशनगंज रेल थानाध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी ने बताया कि गांजा बरामदगी के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब गांजे की खेप किसने ट्रेन में रखी थी और इसे कहां से कहां ले जाया जा रहा था, इसकी जांच कर रही है।

आरपीएफ और रेल पुलिस की इस कार्रवाई से रेलवे के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले नेटवर्क पर शिकंजा कसने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल बरामद गांजे के मालिक और तस्करों की पहचान के लिए जांच जारी है।