सड़क हादसे में नालंदा के CRPF जवान यादव ऋषिकेश की मौत, रहुई में उमड़ी भीड़; पत्नी हुईं बेहोश
नालंदा | Kosi Live की रिपोर्ट
नालंदा जिले के रहुई निवासी CRPF जवान यादव ऋषिकेश की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचा, जहां अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जवान की पत्नी ममता यादव पति का शव देखते ही बेहोश हो गईं। परिजनों ने उन्हें संभाला।
पार्थिव शरीर घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। गांव का माहौल गमगीन हो गया। अंतिम यात्रा के दौरान लोगों ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान 'यादव ऋषिकेश अमर रहें' के नारे गूंजते रहे।
अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे सांसद और नेता
जवान को श्रद्धांजलि देने के लिए स्थानीय जेडीयू सांसद कौशलेंद्र कुमार और आरजेडी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव पहुंचे। उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों की बड़ी संख्या में मौजूदगी रही। सभी ने जवान के निधन पर गहरा दुख जताया और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
23 नवंबर को सड़क हादसे में हुए थे गंभीर घायल
परिजनों के अनुसार, यादव ऋषिकेश की नई दिल्ली में पोस्टिंग थी। 23 नवंबर को वह झड़ौदा कॉलोनी इलाके में अपने एक साथी जवान के साथ ड्यूटी पर तैनात थे।
इसी दौरान शौचालय जाने के लिए सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी।
जवान के छोटे भाई कृतिकेश यादव ने बताया कि 23 नवंबर की रात करीब 10 बजे परिवार को फोन पर हादसे की सूचना मिली। बताया गया कि एक तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से उनके भाई गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
सूचना मिलने के बाद परिजन अगले दिन फ्लाइट से दिल्ली पहुंचे। यादव ऋषिकेश का मैक्स हेल्थ केयर अस्पताल में इलाज चल रहा था। डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद 25 नवंबर की शाम 6 बजकर 38 मिनट पर उनका निधन हो गया।
2001 में CRPF में हुए थे भर्ती
यादव ऋषिकेश CRPF में एएसआई/जीडी के पद पर कार्यरत थे। वर्ष 2001 में उनकी भर्ती हुई थी। करीब 25 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने देश के कई संवेदनशील और दुर्गम क्षेत्रों में अपनी जिम्मेदारी निभाई।
उन्होंने जम्मू, लेह-लद्दाख, बंगाल, छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा और ओडिशा जैसे क्षेत्रों में देश की सेवा की। हाल ही में राजगीर ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षण के बाद उनकी पोस्टिंग ओडिशा में हुई थी।
इसके बाद दिल्ली सरकार के विशेष अनुरोध पर उन्हें नई दिल्ली बुलाया गया था, जहां वह दिल्ली पुलिस के साथ कानून-व्यवस्था की ड्यूटी संभाल रहे थे।
पत्नी और 10 वर्षीय बेटी का रो-रोकर बुरा हाल
यादव ऋषिकेश की शादी वर्ष 2004 में ममता यादव के साथ हुई थी। उनकी 10 साल की बेटी मीनाक्षी यादव है। जवान की मौत से बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया।
परिवार में माता-पिता, पत्नी, बेटी और दो छोटे भाइयों सहित सभी सदस्य गहरे सदमे में हैं। जवान के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
परिवार को सरकारी सहायता देने की मांग
आरजेडी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने जवान के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि CRPF जवान यादव ऋषिकेश की सड़क दुर्घटना में मौत बेहद दुखद है। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ पूरा इलाका गमगीन है। उन्होंने सरकार से सामान्य नियमों से आगे बढ़कर परिवार को विशेष आर्थिक और सरकारी सहायता देने का आग्रह किया।
यादव ऋषिकेश के निधन से रहुई सहित पूरे नालंदा जिले में शोक का माहौल है। देश की सेवा में अपना जीवन समर्पित करने वाले जवान को लोगों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी।