मधेपुरा जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के उदा नहर के पास सोमवार को वाहन जांच के दौरान पुलिस ने युवक के पास से 8.88 ग्राम स्मैक बरामद की। मौके से उसकी बाइक भी जब्त कर ली गई।
गिरफ्तार युवक की पहचान विषहरिया गांव निवासी अनिल कुमार महतो के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 40 हजार रुपये है। यह कार्रवाई नशामुक्त कोसी अभियान के तहत की गई है।
बताया गया कि कोसी क्षेत्र के डीआईजी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसपी के आदेश पर उदाकिशुनगंज पुलिस ने वाहन जांच अभियान चलाया था। इसी दौरान उदा नहर के पास संदिग्ध युवक की तलाशी लेने पर उसके पास से स्मैक बरामद हुई।
इस मामले में उदाकिशुनगंज थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया में जुटी है। साथ ही उसके आपराधिक इतिहास का भी पता लगाया जा रहा है।
कार्रवाई में थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार के नेतृत्व में अरुण कुमार, ज्योतिष कुमार, नरेश कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।