Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में खड़े कंटेनर से टकराई तेज रफ्तार कार, महिला की मौके पर मौत; 3 लोग घायल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, November 22, 2026

बिहार में खड़े कंटेनर से टकराई तेज रफ्तार कार, महिला की मौके पर मौत; 3 लोग घायल

 नवादा में खड़े कंटेनर से टकराई तेज रफ्तार कार, महिला की मौके पर मौत; तीन लोग घायल

हड्डी गोदाम के पास हुआ भीषण सड़क हादसा, बिहारशरीफ जा रहे थे कार सवार; एसपी अभिनव धीमान ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल

नवादा। बिहार के नवादा जिले में रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। नगर थाना क्षेत्र के हड्डी गोदाम के पास सड़क किनारे खड़े एक कंटेनर में पीछे से कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार 55 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग कार से बिहारशरीफ जा रहे थे।

मृतका की पहचान नालंदा जिले के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के जगाई गांव निवासी अनीता चौधरी (55 वर्ष), पति शैलेश कुमार संजय के रूप में हुई है। वहीं, घायलों की पहचान डॉ. राजीव रंजन, माधुरी चौधरी और स्मृति प्रसाद के रूप में की गई है।

जानकारी के अनुसार, रविवार को सभी लोग कार से बिहारशरीफ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नवादा के हड्डी गोदाम के पास सड़क किनारे खड़े कंटेनर से कार पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार अनीता चौधरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

एसपी समेत पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का लिया जायजा

घटना की सूचना मिलते ही नवादा एसपी अभिनव धीमान, सदर एसडीपीओ हुलास कुमार और नगर थानाध्यक्ष उमाशंकर प्रसाद पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे के कारणों की जांच शुरू की। पुलिस ने मृत महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

अस्पताल पहुंचकर एसपी ने घायलों का जाना हाल

हादसे के बाद एसपी अभिनव धीमान नवादा सेंट्रल हॉस्पिटल पहुंचे, जहां उन्होंने भर्ती घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। साथ ही घटना के संबंध में जानकारी ली। महिला की मौत की खबर मिलने के बाद परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।

सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों की सुरक्षा पर उठे सवाल

इस दर्दनाक हादसे के बाद सड़क किनारे बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के खड़े भारी वाहनों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी इंतजाम की जरूरत महसूस की जा रही है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।

Kosi Live की रिपोर्ट