सुपौल: जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 380 ग्राम स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार और एक आईफोन भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान करजाईन थाना क्षेत्र के दहगामा गांव, वार्ड संख्या 04 निवासी रमेश मेहता के रूप में हुई है।
वीरपुर एसडीपीओ पवन कुमार ने बताया कि 24 नवंबर को करजाईन थानाध्यक्ष रामबहादुर सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (रजिस्ट्रेशन नंबर BR-38AA-8856) से संदिग्ध सामान की तस्करी की जा रही है। सूचना के अनुसार, उक्त वाहन वीरपुर की ओर से सिमराही की तरफ आने वाला था।
सूचना मिलने के बाद वरीय पदाधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद करजाईन थानाध्यक्ष के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने बायसी चौक से आगे केदार चौक के पास वाहन की निगरानी शुरू कर दी।
इसी दौरान संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार को आते देख पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही कार सवार व्यक्ति भागने लगा। हालांकि, पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और खदेड़कर पकड़ लिया।
कार की तलाशी में 380 ग्राम स्मैक बरामद
पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ के बाद पुलिस ने दंडाधिकारी की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 380 ग्राम स्मैक बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार और एक आईफोन भी जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमेश मेहता के रूप में हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
एसडीपीओ पवन कुमार ने बताया कि बरामद स्मैक के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि स्मैक कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।
मोबाइल फोन की जांच और तकनीकी शाखा की मदद से तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
छापेमारी दल में करजाईन थानाध्यक्ष राम बहादुर सिंह, पीटीसी दिवाकर तिवारी, सशस्त्र बल के सिपाही उत्तम पासवान और गृह रक्षक चंदन कुमार शामिल थे।
Kosi Live की रिपोर्ट