कटिहार में शादी के 24 घंटे के भीतर उजड़ा सुहाग, रिसेप्शन में फोटोशूट के बाद स्टेज पर गिर पड़े दूल्हे; मौत से मचा कोहराम
कटिहार। बिहार के कटिहार जिले में शादी की खुशियां महज 24 घंटे के भीतर मातम में बदल गईं। जिस घर में एक दिन पहले शहनाइयां बज रही थीं, वहां अगले ही दिन चीख-पुकार मच गई। रिसेप्शन समारोह के दौरान दूल्हा-दुल्हन के साथ फोटोशूट चल रहा था। तस्वीरें खिंचवाने के बाद दूल्हा अचानक स्टेज पर ही गिर पड़ा। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
इस हृदयविदारक घटना के बाद शादी समारोह में शामिल लोग और पूरा गांव सदमे में है। परिवार की खुशियां देखते ही देखते गहरे दुख में बदल गईं।
25 नवंबर को हुई थी शादी, 26 नवंबर को था रिसेप्शन
घटना कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पोठिया बाजार वार्ड संख्या-13 की है। मृतक की पहचान डॉ. पवन कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि डॉ. पवन कुमार पटना में पदस्थापित थे और मूल रूप से पोठिया बाजार के निवासी थे।
उनकी शादी 25 नवंबर को पड़ोस के चांदपुर गांव में हुई थी। शादी के बाद 26 नवंबर को घर में नवविवाहित जोड़े के स्वागत के लिए भव्य रिसेप्शन समारोह आयोजित किया गया था।
इस समारोह में बड़ी संख्या में रिश्तेदार, दोस्त और स्थानीय लोग शामिल हुए थे। घर में उत्सव का माहौल था और सभी लोग नवदंपती को शुभकामनाएं दे रहे थे।
मेहमानों के साथ फोटो खिंचवा रहे थे, अचानक गिर पड़े
रिसेप्शन के दौरान दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर मेहमानों के साथ फोटो खिंचवा रहे थे। सबकुछ सामान्य चल रहा था। इसी दौरान फोटोशूट समाप्त होने के बाद डॉ. पवन कुमार अचानक स्टेज पर ही गिर पड़े।
कुछ देर पहले तक मुस्कुराते नजर आ रहे दूल्हे को अचानक गिरता देखकर समारोह में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और वहां मौजूद लोग तुरंत उन्हें संभालने में जुट गए।
इसके बाद उन्हें आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां शुरुआती इलाज के बाद चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया।
पूर्णिया ले जाने के दौरान हुई मौत
परिजन डॉ. पवन कुमार को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। दूल्हे की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जिस घर में कुछ घंटे पहले तक शादी और रिसेप्शन की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां मातम छा गया। इस घटना ने रिश्तेदारों और ग्रामीणों को भी झकझोर कर रख दिया।
कार्डियक अटैक की आशंका, मेडिकल पुष्टि नहीं
प्रारंभिक आशंका गंभीर कार्डियक अटैक की जताई जा रही है। हालांकि, डॉ. पवन कुमार की मौत का वास्तविक कारण अभी मेडिकल जांच से स्पष्ट नहीं हुआ है।
शादी के महज एक दिन बाद दूल्हे की मौत से नवविवाहिता और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस दुल्हन ने अभी नई जिंदगी की शुरुआत की थी, उसकी शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
दो दिन पहले ओडिशा में भी हुई थी ऐसी घटना
इस घटना से दो दिन पहले ओडिशा के गंजाम जिले में रामायण नाटक के दौरान भी एक दर्दनाक हादसा सामने आया था। मंच पर हनुमान का किरदार निभा रहे 35 वर्षीय कलाकार मिथुन प्रधान अचानक गिर पड़े थे, जिसके बाद उनकी मौत हो गई थी।
लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है।