Kosi Live-कोशी लाइव बिहार की बेटी रौशनी परवीन केप टाउन में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व, 190 से अधिक देशों के युवाओं के बीच उठाएंगी महिला अधिकारों की आवाज - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, November 1, 2026

बिहार की बेटी रौशनी परवीन केप टाउन में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व, 190 से अधिक देशों के युवाओं के बीच उठाएंगी महिला अधिकारों की आवाज

किशनगंज की बेटी रौशनी परवीन केप टाउन में करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व, 190 से अधिक देशों के युवाओं के बीच उठाएंगी महिला अधिकारों की आवाज
किशनगंज: सीमांचल की बेटियां अपनी प्रतिभा और सामाजिक प्रतिबद्धता से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रही हैं। इसी कड़ी में किशनगंज जिले की सामाजिक कार्यकर्ता रौशनी परवीन एक बार फिर बिहार और देश का नाम रोशन करने जा रही हैं। रौशनी 3 से 6 नवंबर तक दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय ‘वन यंग सम्मेलन’ में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस सम्मेलन में 190 से अधिक देशों के युवा प्रतिनिधियों के शामिल होने की बात कही गई है।

केप टाउन में रौशनी परवीन बाल विवाह, महिला उत्पीड़न और महिला अधिकारों से जुड़े गंभीर मुद्दों को वैश्विक मंच पर उठाएंगी। इससे पहले वर्ष 2023 में भी उन्होंने जिनेवा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय युवा सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व किया था।

किराना दुकानदार की बेटी ने संघर्ष से बनाई पहचान

किशनगंज जिले की टेउसा पंचायत के सिमलबाड़ी गांव की रहने वाली रौशनी परवीन की सफलता संघर्ष और दृढ़ संकल्प की कहानी है। उनके पिता हैदर अली गांव में छोटी-सी किराना दुकान चलाते हैं। साधारण परिवार से आने वाली रौशनी ने अपने जीवन में कई चुनौतियों का सामना किया है।

बताया जाता है कि रौशनी स्वयं भी बाल विवाह की पीड़ा झेल चुकी हैं। इसी अनुभव ने उन्हें बाल विवाह उन्मूलन और महिला सशक्तिकरण के लिए काम करने की प्रेरणा दी। सामाजिक आलोचनाओं और कई तरह की बंदिशों के बावजूद उन्होंने अपने अभियान को जारी रखा।

10 वर्षों से बाल विवाह के खिलाफ चला रहीं अभियान

रौशनी परवीन पिछले करीब 10 वर्षों से बाल विवाह रोकने और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के अभियान में सक्रिय हैं। वर्तमान में वह महिला हेल्पलाइन में केंद्र प्रशासिका के पद पर कार्यरत हैं।

अपने प्रयासों से वह अब तक सैकड़ों बालिकाओं को बाल विवाह से बचाने में मदद कर चुकी हैं। इसके साथ ही जरूरतमंद और पीड़ित महिलाओं को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी लगातार काम कर रही हैं।

190 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों के बीच रखेंगी अपनी बात

दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन में आयोजित होने वाले वन यंग सम्मेलन में दुनिया के 190 से अधिक देशों के युवा प्रतिनिधियों के जुटने की बात कही गई है। यहां रौशनी परवीन जमीनी स्तर पर बाल विवाह, महिला उत्पीड़न और महिला अधिकारों से जुड़ी चुनौतियों तथा उनके समाधान पर अपने विचार साझा करेंगी।

रौशनी ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व का क्षण है। वह दुनिया के विभिन्न देशों से आए युवाओं के साथ सामाजिक समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा करेंगी।

उपलब्धि पर लोगों ने दी बधाई

रौशनी परवीन की इस उपलब्धि पर किशनगंज सहित पूरे सीमांचल में खुशी का माहौल है। डॉ. आमिर मिन्हाज, मोहम्मद नोमान सहित कई गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

रौशनी की यह उपलब्धि न केवल किशनगंज और सीमांचल के लिए गौरव की बात है, बल्कि उन बेटियों के लिए भी प्रेरणा है, जो सामाजिक चुनौतियों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने और समाज में बदलाव लाने का संकल्प रखती हैं।