मधेपुरा में RJD विधायक प्रो. चंद्रशेखर के रिश्तेदार की गोली मारकर हत्या, PhD छात्र प्रिंस रंजन की मौत से मचा हड़कंप
पप्पू मेहता/मधेपुरा से बड़ी खबर: बिहार के मधेपुरा जिले में अपराधियों ने दिनदहाड़े गोली मारकर एक पीएचडी छात्र की हत्या कर दी। मृतक की पहचान घैलाढ़ थाना क्षेत्र के इनरवा गांव निवासी प्रिंस रंजन (30 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बीएन मंडल विश्वविद्यालय में पीएचडी की पढ़ाई कर रहे थे और राजद विधायक प्रो. चंद्रशेखर के करीबी रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को प्रिंस रंजन अपने घर से विश्वविद्यालय जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान सदर थाना क्षेत्र में साहुगढ़ से आगे राजा चिमनी भट्ठा के सामने सुनसान सड़क पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने गोली चला दी, जो उनकी पीठ में लगी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें मधेपुरा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बाइक सवार दो बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
प्रत्यक्षदर्शी सुनीता देवी के मुताबिक, वह खेत में घास काट रही थीं। इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। लोगों ने देखा कि एक युवक घायल अवस्था में पड़ा था, जबकि बाइक सवार दो बदमाश मौके से फरार हो चुके थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे छिनतई की आशंका जताई गई है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
विश्वविद्यालय जा रहे थे प्रिंस रंजन
बताया जा रहा है कि प्रिंस रंजन शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे अपने घर से बीएन मंडल विश्वविद्यालय के लिए निकले थे। वह पीएचडी के छात्र थे। गोढ़ियारी चिमनी के पास नहर से पश्चिम अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी।
इस घटना ने जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक युवा शोधार्थी की हत्या से परिजनों और परिचितों में शोक का माहौल है।
विधायक प्रो. चंद्रशेखर ने जताया दुख, अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग
घटना की सूचना मिलने के बाद राजद विधायक प्रो. चंद्रशेखर सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने मृतक को अपना करीबी रिश्तेदार बताते हुए घटना पर दुख जताया और अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
विधायक ने कहा कि राज्य में लगातार हत्याएं हो रही हैं और लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि हत्या में शामिल अपराधी चाहे कोई भी हों, उन्हें जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाई जाए।
मृतक के फुफेरे भाई कुणाल किशोर ने बताया कि चौसा में विधायक का कार्यक्रम था और वह उनके साथ जा रहे थे। वे लोग कॉमर्स कॉलेज के पास पहुंचे थे, तभी घटना की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने प्रिंस रंजन को फोन किया, लेकिन फोन एक ग्रामीण ने उठाया और उनकी मौत की सूचना दी। कुणाल किशोर के अनुसार, प्रिंस रंजन की किसी से दुश्मनी नहीं थी।
पुलिस और FSL टीम ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सदर एसडीपीओ अजय कुमार ने बताया कि साहुगढ़ से आगे राजा चिमनी भट्ठा के सामने सुनसान सड़क पर छिनतई के दौरान एक व्यक्ति को गोली मारी गई। अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया है। घटनास्थल की जांच की जा रही है और संदिग्ध अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, मामले में संलिप्त लोगों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
दिनदहाड़े हत्या से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
मधेपुरा में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने आम लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। विश्वविद्यालय जा रहे एक पीएचडी छात्र की हत्या से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हैं। फिलहाल, हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।