मधेपुरा में RJD विधायक प्रो. चंद्रशेखर के ममेरे भाई की हत्या का खुलासा, 72 घंटे में 3 गिरफ्तार
स्मैक खरीदने और त्योहार के लिए रुपये जुटाने के इरादे से की थी छिनतई; विरोध करने पर प्रिंस कुमार को मारी थी गोली, दो देसी कट्टे और 32 ग्राम स्मैक बरामद
मधेपुरा। जिले में RJD विधायक प्रो. चंद्रशेखर के ममेरे भाई प्रिंस कुमार हत्याकांड का पुलिस ने 72 घंटे के अंदर खुलासा करने का दावा किया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो देसी कट्टे, दो जिंदा कारतूस, 32 ग्राम स्मैक, वारदात में इस्तेमाल पल्सर 220 बाइक, लूटा गया मोबाइल और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद किए गए हैं।
सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी संदीप सिंह ने बताया कि आरोपियों ने छिनतई के दौरान प्रिंस कुमार की गोली मारकर हत्या की थी। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने हाल के दिनों में हुई छिनतई की कई अन्य घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
सुनसान सड़क पर छिनतई के दौरान मारी गोली
एसपी के अनुसार, 16 अक्टूबर को दिन में करीब 11 बजे साहूगढ़-गोड़ियारी रोड पर राजा ईंट भट्ठा के पास प्रिंस कुमार (29) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। प्रिंस घैलाढ़ थाना क्षेत्र के इनरवा वार्ड संख्या-7 निवासी सुनील कुमार के पुत्र थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ अजय कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर छापेमारी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
स्मैक खरीदने और त्योहार के लिए रुपये जुटाने की थी योजना
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहूगढ़ बाजार टोला वार्ड संख्या-9 निवासी क्रांति कुमार (22), शंकरपुर थाना क्षेत्र के कबियाही वार्ड संख्या-15 निवासी संजीत दास (32) और साहूगढ़ दुल्हाराम टोला निवासी गौरव कुमार (19) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान क्रांति कुमार ने बताया कि वह संजीत दास और एक अन्य सहयोगी के साथ पल्सर 220 बाइक से छिनतई की घटनाओं को अंजाम देता था। घटना के दिन आरोपियों के पास पैसे नहीं थे। स्मैक खरीदने और पर्व-त्योहार के लिए रुपये जुटाने के उद्देश्य से उन्होंने राजा ईंट भट्ठा के पास सुनसान सड़क पर छिनतई की योजना बनाई थी।
आरोपियों ने वहां बाइक से जा रहे दो लोगों को रोककर उनका मोबाइल, एटीएम कार्ड और बाइक की चाबी छीनने की कोशिश की। इसी दौरान गोड़ियारी गांव की ओर से एक अन्य बाइक सवार आता दिखाई दिया। उसके कंधे पर बैग देखकर आरोपियों को लगा कि वह कलेक्शन कर्मी है और उसके पास रुपये हो सकते हैं।
रुकने के बजाय आगे बढ़ा तो चला दी गोली
एसपी संदीप सिंह के अनुसार, आरोपियों ने प्रिंस कुमार को बाइक रोकने का इशारा किया, लेकिन उनके नहीं रुकने पर क्रांति कुमार ने बगल से गोली चला दी। गोली प्रिंस के पेट के बगल में लगी, जिससे वह बाइक समेत खेत में गिर पड़े।
वारदात के बाद पकड़े जाने के डर से आरोपी बलदेव चौक होते हुए सिंहपुर रोड की ओर भाग निकले। पुलिस के अनुसार, घटना में इस्तेमाल गोली गौरव कुमार ने उपलब्ध कराई थी।
धान के खेत से बरामद हुआ लूटा गया मोबाइल
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर गोड़ियारी-सिंहपुर रोड स्थित पुल के पास धान के खेत से लूटा गया मोबाइल बरामद किया। वारदात में इस्तेमाल काले-लाल रंग की पल्सर 220 बाइक और घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े भी जब्त किए गए हैं।
इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से 32 ग्राम स्मैक, दो देसी कट्टे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। इस बरामदगी को लेकर 19 अक्टूबर को मधेपुरा थाना में NDPS एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत अलग मामला दर्ज किया गया है।
तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ में उन्होंने हाल के दिनों में हुई छिनतई की कई घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से प्रिंस कुमार हत्याकांड का खुलासा हुआ है। साथ ही, छिनतई की अन्य घटनाओं में आरोपियों की कथित संलिप्तता की भी जानकारी मिली है।