दुर्गा पूजा मेला को लेकर एसडीएम ने घैलाढ़ और कमलपुर का लिया जायजा, सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश
कोशी लाइव | घैलाढ़ से पप्पू मेहता की रिपोर्ट
मधेपुरा। घैलाढ़ प्रखंड क्षेत्र में दुर्गा पूजा के अवसर पर आयोजित होने वाले मेले के सफल संचालन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी कड़ी में रविवार को एसडीएम संतोष कुमार ने घैलाढ़ मुख्यालय सहित कमलपुर गांव में लगने वाले दुर्गा पूजा मेले का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मेला आयोजकों को शांतिपूर्ण माहौल में मेला संपन्न कराने और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया।
कमलपुर गांव पहुंचने पर ग्रामीणों और पूजा समिति के आयोजकों ने एसडीएम संतोष कुमार का स्वागत किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित पूजा-अर्चना और मेले की व्यवस्था सुव्यवस्थित रखना प्रशासन और आयोजकों की प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
एसडीएम ने पूजा पंडालों में बिजली की व्यवस्था तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने आयोजकों से आपसी समन्वय बनाकर मेले का संचालन करने की बात कही।
सादे कपड़ों में भी तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी
मौके पर मौजूद बीडीओ अविनाश कुमार और थानाध्यक्ष कन्हैया कुमार ने भी पूजा समिति के सदस्यों से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की। थानाध्यक्ष ने बताया कि मेले में पुलिस बल की तैनाती रहेगी। इसके साथ ही सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे, ताकि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
जिला पंचायत राज पदाधिकारी सह वरीय प्रभारी पदाधिकारी ने भी किए माता के दर्शन
इसी क्रम में जिला पंचायत राज पदाधिकारी सह वरीय प्रभारी पदाधिकारी निकिता कुमारी भी कमलपुर स्थित दुर्गा मंदिर पहुंचीं। उन्होंने माता के दरबार में पूजा-अर्चना कर मनोकामना की। स्थानीय लोगों ने मंदिर की महिमा और धार्मिक मान्यताओं के बारे में उन्हें जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान आयोजक राजेंद्र मेहता, कैलाश मेहता, विशेश्वर मेहता, पप्पू मेहता सहित अन्य ग्रामीण और पूजा समिति के सदस्य मौजूद रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने शांतिपूर्ण माहौल में दुर्गा पूजा और मेले के आयोजन के लिए सभी संबंधित लोगों से सहयोग बनाए रखने की अपील की।