Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:घैलाढ़ में हथियार के बल पर नई बाइक की लूट, पुलिया के पास घात लगाकर खड़े थे तीन अपराधी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, October 10, 2026

MADHEPURA:घैलाढ़ में हथियार के बल पर नई बाइक की लूट, पुलिया के पास घात लगाकर खड़े थे तीन अपराधी

घैलाढ़ में हथियार के बल पर नई बाइक की लूट, पुलिया के पास घात लगाकर खड़े थे तीन अपराधी

घैलाढ़ से पप्पू मेहता की रिपोर्ट | कोशी लाइव

मधेपुरा: घैलाढ़ थाना क्षेत्र में अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर एक नई मोटरसाइकिल लूट ली। घटना शुक्रवार की रात करीब 9 बजे घैलाढ़ से मधेपुरा जाने वाली मुख्य सड़क पर घैलाढ़ और इटहरी के बीच स्थित एक पुलिया के समीप हुई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित ने मामले की जानकारी घैलाढ़ थाना पुलिस को दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

पीड़ित शंकरपुर थाना क्षेत्र के निवासी भूषण शाह ने बताया कि वह शुक्रवार की रात घैलाढ़ बाजार में अपने एक रिश्तेदार के यहां से मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान इटहरी से पश्चिम पुलिया के पास पहले से घात लगाकर तीन अपराधी खड़े थे।

जैसे ही वह पुलिया के समीप पहुंचे, अपराधियों ने अपनी गाड़ी बीच सड़क पर लगाकर उनकी मोटरसाइकिल रोक दी। इसके बाद अपराधियों ने उनकी कनपटी पर हथियार सटाकर जान से मारने का भय दिखाया और मोटरसाइकिल छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी मोटरसाइकिल लेकर उत्तर दिशा की ओर फरार हो गए।

पीड़ित के अनुसार, लूटी गई मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेंडर है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर BR43Z 8428 है। घटना के बाद उन्होंने घैलाढ़ थाना पुलिस को इसकी सूचना दी और अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ अपनी मोटरसाइकिल बरामद करने की मांग की।

पुलिस कर रही मामले की जांच

इस संबंध में ओपी अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस अपराधियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही है। जल्द ही सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

अब पुलिस के सामने अपराधियों की पहचान कर लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद करने की चुनौती है।