किशनगंज: बिहार में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत किशनगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोचाधामन थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक सफेद रंग की i-20 कार से 214.335 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। मौके से कार में सवार मधेपुरा जिले के दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया है।
एसपी के निर्देश पर चल रहा था वाहन जांच अभियान
पुलिस के अनुसार, एसपी संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 29 अक्टूबर की शाम धनपुरा पिकेट के पास संध्या गश्ती के दौरान पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी।
पुलिस को देखकर भागने लगी कार
इसी दौरान किशनगंज की ओर से तेज रफ्तार में आ रही सफेद रंग की i-20 कार पुलिस को देखकर भागने लगी। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए कार को रोक लिया। इसके बाद जब वाहन की तलाशी ली गई तो कार के पिछले हिस्से में छिपाकर रखी गई अलग-अलग ब्रांड की विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब की कुल मात्रा 214.335 लीटर बताई है। जब्त शराब पश्चिम बंगाल में निर्मित बताई जा रही है।
मधेपुरा के दो युवक गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मधेपुरा जिले के सुंदरपट्टी निवासी 24 वर्षीय राहुल कुमार, पिता अशोक यादव और मुरलीगंज थाना क्षेत्र के भरखोरा बाजार निवासी 32 वर्षीय मो. सदरे, पिता स्व. मो. मुसरफ के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
मद्यनिषेध कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज
इस मामले में कोचाधामन थाने में कांड संख्या 548/2026 के तहत 29 अक्टूबर 2026 को बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2022 की धारा 30(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।
तस्करी के नेटवर्क और संपत्ति की भी होगी जांच
पुलिस शराब तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। जांच के दौरान तस्करी के आगे और पीछे के कनेक्शन खंगाले जाएंगे। इसके साथ ही अवैध शराब कारोबार से अर्जित संपत्ति की भी जांच की जाएगी। पुलिस के अनुसार, अवैध कारोबार से जुड़े लोगों की संपत्ति की पहचान कर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।