सुपौल में कलयुगी बेटे ने पिता की पीट-पीटकर की हत्या, मां का हाथ तोड़ा; साथियों के साथ घर में घुसकर किया हमला
सुपौल। जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ठाढ़ी भवानीपुर पंचायत के वार्ड नंबर-3 में एक बेटे ने कथित तौर पर नशे की हालत में अपने पिता की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। वहीं, बीच-बचाव करने पहुंची मां को भी बेरहमी से पीटा, जिससे उनका एक हाथ टूट गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक की पहचान शौकत खान के रूप में हुई है। उनकी पत्नी अस्करा गंभीर रूप से घायल हैं। परिजनों के अनुसार, वारदात में मृतक के छोटे बेटे अहमद और उसके साथ आए अन्य लोगों की संलिप्तता का आरोप है।
रात में हुआ था विवाद, सुबह चार बजे किया हमला
जानकारी के अनुसार, रविवार की रात शौकत खान और उनके छोटे बेटे अहमद के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद के बाद परिवार के सदस्य अपने-अपने कमरों में सोने चले गए। आरोप है कि सोमवार सुबह करीब चार बजे अहमद तीन-चार लोगों के साथ घर पहुंचा और सो रहे माता-पिता पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार मच गई। शौकत खान को बेरहमी से पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गए। वहीं, पति को बचाने के लिए आगे आईं अस्करा के साथ भी मारपीट की गई। इस दौरान उनका एक हाथ टूट गया।
हाल ही में जेल से छूटा था आरोपी
घायल अस्करा ने आरोप लगाया कि उनका छोटा बेटा अहमद लंबे समय से नशे का आदी है। उन्होंने यह भी बताया कि अहमद का आपराधिक इतिहास रहा है और वह चोरी के एक मामले में जेल से छूटकर हाल ही में बाहर आया था। घटना के समय भी उसके नशे की हालत में होने की बात कही गई है।
हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह और वारदात में अन्य लोगों की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल शौकत खान को तत्काल पिपरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, जबकि गांव के लोगों में आक्रोश का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी
पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की घायल पत्नी अस्करा का बयान दर्ज किया जा रहा है। उनके बयान के आधार पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस फरार आरोपी अहमद और उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।