Kosi Live-कोशी लाइव Crime News:पूर्णिया में अश्लील गानों पर डांसरों के साथ डांस करते कट्टा लहराने का वीडियो वायरल, एक युवक गिरफ्तार; हथियार बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, October 17, 2026

Crime News:पूर्णिया में अश्लील गानों पर डांसरों के साथ डांस करते कट्टा लहराने का वीडियो वायरल, एक युवक गिरफ्तार; हथियार बरामद

पूर्णिया में अश्लील गानों पर डांसरों के साथ डांस करते कट्टा लहराने का वीडियो वायरल, एक युवक गिरफ्तार; हथियार बरामद

बनमनखी (पूर्णिया): बिहार के पूर्णिया जिले के बनमनखी थाना क्षेत्र में अश्लील गानों पर डांसरों के साथ स्टेज पर डांस करने और इस दौरान देशी कट्टा लहराने का वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया एक देशी कट्टा भी बरामद किया गया है। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) शैलेश प्रीतम ने प्रेस वार्ता में बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्णिया के निर्देश पर वायरल वीडियो का सत्यापन कराया गया था। जांच के दौरान बनमनखी थाना क्षेत्र के धीमा वार्ड संख्या-20 में बिना वैध अनुज्ञप्ति के कार्यक्रम आयोजित किए जाने की बात सामने आई।

वायरल वीडियो में कट्टा लहराता दिखा युवक

पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान कुछ युवक डांसरों के साथ अश्लील गानों पर डांस कर रहे थे। इसी बीच एक युवक हाथ में देशी कट्टा लहराता हुआ दिखाई दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच शुरू की।

वीडियो के सत्यापन के बाद बनमनखी थाना में कांड संख्या 318/26 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 323, 296 एवं 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)/9/35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

सुंदरम कुमार गिरफ्तार, निशानदेही पर देशी कट्टा बरामद

मामले में हथियार की बरामदगी और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ शैलेश प्रीतम के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी एवं मानवीय अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त सुंदरम कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार युवक की पहचान सुंदरम कुमार, निवासी धीमा वार्ड संख्या-20, थाना बनमनखी, जिला पूर्णिया के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया एक देशी कट्टा बरामद किया गया है।

एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित हुई थी विशेष टीम

आरोपित की गिरफ्तारी और हथियार बरामदगी के लिए गठित विशेष टीम में बनमनखी थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक विजय कुमार यादवेन्दु, अपर थानाध्यक्ष ऋषि यादव, पुलिस अवर निरीक्षक ज्योति चौरसिया, संजय कुमार और संजीव कुमार सहित बनमनखी थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

टीम ने तकनीकी और मानवीय अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार किया और हथियार बरामद किया।

अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी जारी

पुलिस अब वायरल वीडियो से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। साथ ही कार्यक्रम के आयोजन और उसमें हथियार के इस्तेमाल से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

एसडीपीओ शैलेश प्रीतम के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई अनुसंधान के आधार पर की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कोशी लाइव | पूर्णिया