सुपौल में भीषण सड़क हादसा: स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने टक्कर में युवक की मौत, बड़ा भाई गंभीर
सुपौल | Kosi Live की रिपोर्ट
सुपौल जिले के सरायगढ़ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चांदपीपर पंचायत के समीप शुक्रवार की देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 327ए (NH-327A) पर रेलवे ओवरब्रिज के पास भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
दरभंगा से घर लौट रहे थे दोनों भाई
मिली जानकारी के अनुसार, किशनपुर थाना क्षेत्र के तुलापट्टी गांव के वार्ड संख्या-3 निवासी बिंदेश्वरी यादव के दो पुत्र संजय यादव (40 वर्ष) और संतोष यादव (35 वर्ष) शुक्रवार की रात एक ही बाइक पर सवार होकर दरभंगा से अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान चांदपीपर गांव के समीप सुपौल की ओर से भपटियाही की तरफ जा रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो (BR 50 AL 4632) ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे संतोष यादव और पीछे बैठे उनके बड़े भाई संजय यादव सड़क पर दूर जा गिरे। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
छोटे भाई की मौत, बड़े भाई की हालत गंभीर
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। संतोष यादव को सदर अस्पताल, सुपौल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं, गंभीर रूप से घायल संजय यादव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), सरायगढ़-भपटियाही में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. एस.के. सत्या ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मधेपुरा रेफर कर दिया।
ग्रामीणों ने चालक को पकड़ा, स्कॉर्पियो जब्त
हादसे के बाद मौके से भागने की कोशिश कर रहे स्कॉर्पियो चालक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। घटना की सूचना मिलने पर भपटियाही थानाध्यक्ष जयप्रकाश चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया और चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। वहीं, मृतक संतोष यादव के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
परिजनों में मचा कोहराम
संतोष यादव की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। एक ही परिवार के दो भाइयों के साथ हुए इस हादसे से तुलापट्टी गांव में शोक का माहौल है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।