पानगाछी चौक स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में जागरण के दौरान हंगामा, घटना का वीडियो वायरल; एसपी मनीष बोले- मामले की जांच जारी
बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले में दुर्गा पूजा के दौरान आयोजित जागरण कार्यक्रम में मंगलवार देर रात जमकर हंगामा हुआ। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पानगाछी चौक स्थित मां वैष्णवी सार्वजनिक दुर्गा स्थान में ड्यूटी पर तैनात दरोगा अनिल कुमार पर मंच पर चढ़कर महिला डांसर को थप्पड़ मारने और कार्यक्रम के आयोजकों के साथ बदसलूकी करने का आरोप लगा है। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग आक्रोशित हो गए और दरोगा को घेरकर उनके साथ धक्का-मुक्की करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान दरोगा ने अपनी सरकारी पिस्टल निकालकर भीड़ की ओर तान दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।
देर रात तीन बजे मंच पर पहुंचे दरोगा
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात पानगाछी चौक स्थित मां वैष्णवी सार्वजनिक दुर्गा स्थान में मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से भक्ति जागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में स्थानीय लोगों के साथ-साथ आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक पहुंचे थे। रातभर धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम चलता रहा।
बताया जाता है कि बुधवार की सुबह करीब तीन बजे कार्यक्रम अपने अंतिम चरण में था। इसी दौरान मंच पर फिल्मी गानों की धुन पर डांस शुरू हो गया। महिला कलाकार मंच पर प्रस्तुति दे रही थी और दर्शक कार्यक्रम देख रहे थे। इसी बीच सुरक्षा व्यवस्था में तैनात दरोगा अनिल कुमार मंच पर पहुंचे और कार्यक्रम बंद करने को कहा।
आरोप है कि कार्यक्रम बंद कराने को लेकर दरोगा और आयोजकों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद स्थिति बिगड़ती चली गई।
महिला डांसर को थप्पड़ मारने का आरोप
घटना के वायरल वीडियो को लेकर सामने आई जानकारी के मुताबिक, दरोगा के मंच पर पहुंचने के बाद महिला डांसर के साथ विवाद हुआ। आरोप है कि दरोगा ने महिला की पीठ पर हाथ चलाया और थप्पड़ मारकर उसे पीछे धकेल दिया। इससे वहां मौजूद दर्शक नाराज हो गए।
बताया जाता है कि इससे पहले कार्यक्रम के आयोजक के साथ भी दरोगा ने मंच पर धक्का-मुक्की की थी। घटना के बाद लोगों ने पुलिस अधिकारी के व्यवहार पर सवाल उठाए। स्थानीय लोगों का कहना था कि यदि कार्यक्रम निर्धारित समय से अधिक चल रहा था, तो आयोजकों से बातचीत कर या लाउडस्पीकर बंद कराकर स्थिति को नियंत्रित किया जा सकता था। महिला कलाकार के साथ कथित मारपीट को लोगों ने अनुचित बताया।
भीड़ ने घेरा तो पिस्टल निकालकर तानने का आरोप
महिला डांसर को थप्पड़ मारने की घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। मंच से नीचे उतरने पर आक्रोशित लोगों ने दरोगा को चारों ओर से घेर लिया। इस दौरान उनके साथ धक्का-मुक्की होने लगी।
आरोप है कि भीड़ के विरोध के बीच दरोगा ने कमर से सरकारी पिस्टल निकाली और लोगों की ओर तान दी। इसके बाद वहां मौजूद लोग पीछे हटने लगे। आरोप यह भी है कि दरोगा ने गाली-गलौज करते हुए लोगों को अंजाम भुगतने की धमकी दी।
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पुलिस अधिकारी के इस व्यवहार पर नाराजगी जताई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।
डांसर ने कहा- दरोगा बताएं, मुझे क्यों मारा
महिला डांसर ने घटना के संबंध में कहा कि पानगाछी में जागरण कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम के दौरान दरोगा अचानक मंच पर आए और गाना बंद करने को कहा। उसके अनुसार, गाना बंद हो गया था और वह वहां से जाने लगी, तभी दरोगा ने उसे थप्पड़ मार दिया।
महिला ने सवाल उठाया कि जब उसने गाना बंद कर दिया था, तो उसे क्यों मारा गया। उसने आरोप लगाया कि दरोगा ने उसके मालिक और कार्यक्रम से जुड़े व्यक्ति के साथ भी बदसलूकी की।
डांसर का कहना है कि यदि पुलिस को कार्यक्रम बंद कराना था, तो महिला पुलिसकर्मी को भेजकर भी ऐसा कराया जा सकता था। उसने मांग की कि दरोगा सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
दरोगा ने दी सफाई, समय को लेकर हुआ विवाद
हंगामे और विरोध के दौरान दरोगा ने अपनी ओर से सफाई देते हुए कहा कि सुबह के तीन बज चुके थे और कार्यक्रम बंद करने का समय हो गया था। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिसकर्मी पूरी रात सुरक्षा ड्यूटी में लगे हुए थे।
वहीं, स्थानीय लोगों का कहना था कि तय कार्यक्रम के अनुसार जागरण सुबह तक चलना था और मंच संचालन आयोजकों के हाथ में था। लोगों ने सवाल उठाया कि यदि समय को लेकर कोई समस्या थी, तो उसे बातचीत के माध्यम से सुलझाया जा सकता था। कार्यक्रम बंद कराने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते तनावपूर्ण स्थिति में बदल गया।
एसपी मनीष बोले- वायरल वीडियो की जांच जारी
बेगूसराय के एसपी मनीष ने बताया कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पानगाछी स्थित वैष्णवी दुर्गा स्थान के पूजा पंडाल और मंच से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।
एसपी के अनुसार, वीडियो में देर रात मंच पर कुछ डांसर अशोभनीय डांस करती दिखाई दे रही हैं। इस कारण उत्पन्न अव्यवस्था को नियंत्रित करने के उद्देश्य से वहां तैनात पुलिस पदाधिकारी मंच पर पहुंचे थे। वीडियो में डांसर को हटाने और आयोजकों के साथ धक्का-मुक्की की स्थिति भी दिखाई दे रही है।
फिलहाल, मामले की जांच जारी है। महिला कलाकार के साथ कथित मारपीट, आयोजकों से धक्का-मुक्की और भीड़ पर पिस्टल तानने के आरोपों को लेकर आगे की कार्रवाई के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने आना बाकी है।