Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:भारत-नेपाल सीमा पर स्मैक तस्करी का खुलासा, पांच गिरफ्तार; 33.05 ग्राम स्मैक और नेपाली करेंसी बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, October 8, 2026

BIHAR:भारत-नेपाल सीमा पर स्मैक तस्करी का खुलासा, पांच गिरफ्तार; 33.05 ग्राम स्मैक और नेपाली करेंसी बरामद

भारत-नेपाल सीमा पर स्मैक तस्करी का खुलासा, पांच गिरफ्तार; 33.05 ग्राम स्मैक और नेपाली करेंसी बरामद

अररिया। भारत-नेपाल सीमा पर नशीले पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में एसएसबी और सिकटी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए स्मैक की खरीद-बिक्री में कथित रूप से शामिल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन नेपाली नागरिक बताए गए हैं।

गुप्त सूचना पर की गई घेराबंदी

सिकटी थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार मिश्रा के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि नेपाल से कुछ तस्कर स्मैक की खेप लेकर भारतीय क्षेत्र में डिलीवरी देने पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर एसएसबी जवानों और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। चिन्हित स्थान पर घेराबंदी कर छापेमारी की गई, जहां संदिग्धों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 33.05 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलने पर इसका वजन 33.05 ग्राम पाया गया। इसके अलावा 31,835 रुपये की नेपाली मुद्रा भी बरामद की गई।

पिता-पुत्र समेत पांच आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सिकटी थाना क्षेत्र के बौका मजरख निवासी दयानंद पासवान (39 वर्ष) और उसका पुत्र विक्रम कुमार पासवान (19 वर्ष) शामिल हैं। दोनों पर स्थानीय स्तर पर स्मैक की खरीद-बिक्री में शामिल होने का आरोप है।

वहीं, नेपाल से कथित रूप से मादक पदार्थ की खेप पहुंचाने वाले तीन आरोपियों की पहचान मोरंग जिले के डैनिया वार्ड संख्या-9 निवासी वासुदेव पंडित (27 वर्ष), आनंद कुमार राजवंशी तथा सोनवर्षी वार्ड संख्या-5 निवासी सतीश कुमार शर्मा (26 वर्ष) के रूप में हुई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और नेपाली करेंसी को जब्त कर सभी पांच आरोपियों को सिकटी थाना लाया। पुलिस के अनुसार मामले में एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सीमा क्षेत्र में सक्रिय इस कथित तस्करी नेटवर्क के अन्य संपर्कों और संभावित सहयोगियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही हैं।

कोशी लाइव की रिपोर्ट