Kosi Live-कोशी लाइव पूर्णिया सेंट्रल जेल में तैनात 58 वर्षीय SI मो. अब्दुल कयूम की संदिग्ध मौत, मुंह से निकल रहा था झाग; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, October 28, 2026

पूर्णिया सेंट्रल जेल में तैनात 58 वर्षीय SI मो. अब्दुल कयूम की संदिग्ध मौत, मुंह से निकल रहा था झाग; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पूर्णिया सेंट्रल जेल में तैनात 58 वर्षीय एसआई मो. अब्दुल कयूम की संदिग्ध मौत, मुंह से निकल रहा था झाग; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पूर्णिया। पूर्णिया सेंट्रल जेल में पदस्थापित 58 वर्षीय सब इंस्पेक्टर (एसआई) मो. अब्दुल कयूम की सोमवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार अहले सुबह जब एक सिपाही उन्हें जगाने पहुंचा, तो वे अपने बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़े मिले। उनके मुंह से झाग निकल रहा था। आनन-फानन में उन्हें राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (जीएमसीएच), पूर्णिया ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

भोजन करने के बाद सोने चले गए थे एसआई

पुलिस मेंस एसोसिएशन मधेपुरा के जिलाध्यक्ष शिव नारायण यादव के अनुसार, सोमवार रात भोजन करने के बाद मो. अब्दुल कयूम शौचालय गए थे। इसके बाद वे अपने बिस्तर पर सोने चले गए। मंगलवार अहले सुबह एक सिपाही उन्हें जगाने पहुंचा, तो वे अचेत अवस्था में पड़े मिले। उनके मुंह से झाग निकलता देख सिपाही ने तत्काल जेल अधीक्षक को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही जेल अधीक्षक मौके पर पहुंचे और एसआई को इलाज के लिए जीएमसीएच, पूर्णिया ले गए। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दो महीने पहले ही हुई थी पूर्णिया सेंट्रल जेल में पदस्थापना

मो. अब्दुल कयूम मूल रूप से मोतिहारी जिले के रहने वाले थे। पुलिस मेंस एसोसिएशन मधेपुरा के जिलाध्यक्ष शिव नारायण यादव ने बताया कि पूर्णिया सेंट्रल जेल में पदस्थापित होने से पहले वे सुपौल जिले के भीमनगर स्थित बीसा-15, डी कंपनी कैंप में एसआई के पद पर कार्यरत थे। करीब दो महीने पहले ही उनकी पदस्थापना पूर्णिया सेंट्रल जेल में हुई थी।

उनकी मौत की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हलचल मच गई। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी गई। सूचना मिलने के बाद उनकी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्य अस्पताल पहुंचे। एसआई की अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव

केहाट थानाध्यक्ष आरके ठाकुर ने केंद्रीय कारा में तैनात बीएमपी के जवान मो. कय्यूम की मौत की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि परिजनों के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस लाइन में सलामी दी गई और शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद शव को मोतिहारी स्थित उनके पैतृक गांव भेज दिया गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह

फिलहाल एसआई मो. अब्दुल कयूम की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।