औरंगाबाद में 27.429 किलो गांजा के साथ महिला समेत दो तस्कर गिरफ्तार, कीमत 13.71 लाख रुपये
ओडिशा से बिहार लाई जा रही थी गांजे की खेप, पटना नारकोटिक्स विभाग की गुप्त सूचना पर RPF की कार्रवाई; ट्रेन के B-1 कोच से 23 पैकेट बरामद
औरंगाबाद: बिहार में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और अपराध आसूचना शाखा (CIB) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन नार्कोस के तहत नबीनगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की जांच के दौरान 27.429 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 13 लाख 71 हजार 450 रुपये बताई गई है। इस मामले में एक महिला समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, RPF को मुखबिर और नारकोटिक्स विभाग, पटना से गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 18523 अप से गांजे की खेप लाई जा रही है। सूचना के आधार पर RPF नबीनगर, डेहरी आन सोन, जपला और अपराध आसूचना शाखा के अधिकारियों एवं जवानों की संयुक्त टीम गठित की गई।
ट्रेन के नबीनगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर पहुंचते ही टीम ने बी-1 कोच की जांच शुरू की। इस दौरान दो संदिग्ध यात्रियों को उनके बैग के साथ पकड़ा गया। तलाशी में दोनों के बैग से गांजे के कुल 23 पैकेट बरामद हुए।
पुरुष के बैग से 18.994 किलो, महिला के बैग से 8.435 किलो गांजा बरामद
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रोहतास जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चिंतामणपुर गांव निवासी अनुज कुमार और पटना जिले के मसौढ़ी थाना क्षेत्र के शिवाजी नगर, सती स्थान, वार्ड संख्या 21 निवासी पिंकी देवी के रूप में हुई है। पिंकी देवी, कृष्ण कुमार की पत्नी हैं।
जांच के दौरान अनुज कुमार के पास से एक नीले रंग का पिट्ठू बैग और एक नीले रंग का ट्रॉली बैग मिला। वहीं, पिंकी देवी के पास से एक काले रंग का ट्रॉली बैग बरामद किया गया। बैगों की तलाशी लेने पर सेलोटेप से लिपटे गांजे जैसे मादक पदार्थ के पैकेट मिले।
इसके बाद संबंधित रेल थाना सोननगर और राजपत्रित अधिकारी को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर नबीनगर के राजस्व पदाधिकारी सुनील उरांव मौके पर पहुंचे। उनकी मौजूदगी में वीडियोग्राफी कराते हुए विधिवत तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान अनुज कुमार के बैग से खाकी रंग के सेलोटेप में लिपटे 15 पैकेट मिले, जिनका कुल वजन 18.994 किलोग्राम था। वहीं, पिंकी देवी के ट्रॉली बैग से आठ पैकेट बरामद हुए, जिनका कुल वजन 8.435 किलोग्राम था। इस तरह दोनों के पास से कुल 27.429 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया।
RPF की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई में RPF निरीक्षक राम विलास राम, उप निरीक्षक जय प्रकाश प्रसाद, आरक्षी राकेश कुमार, आरक्षी संतोष कुमार मिश्रा, महिला आरक्षी प्रीति कुमारी, प्रधान आरक्षी शैलेन्द्र कुमार मिश्रा, आरक्षी शिवकांत, प्रधान आरक्षी सर्वजीत राय, प्रधान आरक्षी कमलेश कुमार, आरक्षी महेश ठाकुर और आरक्षी विपिन कुमार शामिल थे।
RPF के अनुसार, गांजा तस्करी में संलिप्तता से संबंधित साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपितों को गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराते हुए नियमानुसार गिरफ्तार किया गया। महिला आरोपित की गिरफ्तारी की प्रक्रिया में महिला आरक्षी प्रीति कुमारी ने सहयोग किया।
रेल थाना सोननगर में प्राथमिकी दर्ज
RPF निरीक्षक राम विलास राम की लिखित शिकायत के साथ जब्त गांजा और दोनों गिरफ्तार आरोपितों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजकीय रेल थाना सोननगर को सौंप दिया गया। शिकायत के आधार पर रेल थाना सोननगर में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
फिलहाल मामले की आगे की जांच रेल पुलिस कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही तस्करी के पूरे नेटवर्क और गांजे की खेप से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।