मधेपुरा में शराब लदी बाइक की टक्कर से वृद्ध और महिला गंभीर रूप से घायल, 11.5 लीटर देसी शराब जब्त
मधेपुरा। जिले के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को एनएच-106 पर शराब तस्करी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रामबाग मोहल्ले के पास शराब लदी बाइक की टक्कर से साइकिल सवार एक वृद्ध और सड़क किनारे पैदल चल रही महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। दुर्घटना के बाद बाइक पर लदी शराब सड़क पर बिखर गई, जिसे देखकर मौके पर अफरातफरी मच गई। इस दौरान कुछ लोग शराब की पॉलीथिन लेकर भागने लगे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने 11.5 लीटर देसी चुलाई शराब जब्त कर बाइक चालक को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
शराब लदी बाइक की टक्कर से दो लोग घायल
जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार को उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के रामबाग मोहल्ले में एनएच-106 पर हुई। शराब लेकर जा रही बाइक ने साइकिल सवार वृद्ध और सड़क किनारे पैदल चल रही महिला को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बाइक पर रखी शराब सड़क पर बिखर गई।
घायलों की पहचान फनहन गांव के वार्ड संख्या 12 निवासी प्रकाश मंडल (60) और रामबाग मोहल्ला निवासी पप्पू कुमार की पत्नी निशा देवी (25) के रूप में हुई है।
गंभीर हालत में मधेपुरा रेफर
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को उदाकिशुनगंज अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मधेपुरा रेफर कर दिया गया। हादसे में बाइक चालक को भी मामूली चोटें आईं।
सड़क पर बिखरी शराब, मची अफरातफरी
हादसे के बाद बाइक पर लदी शराब सड़क पर फैल गई। शराब देखकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी बीच कुछ लोग शराब की पॉलीथिन लेकर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शराब को जब्त कर लिया। पुलिस ने बाइक चालक को गिरफ्तार कर लिया।
11.5 लीटर देसी शराब बरामद, एक आरोपी फरार
पुलिस ने घटनास्थल से कुल 11.5 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहारीगंज थाना क्षेत्र के गमैल गांव निवासी फूलचंद कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बाइक पर उसके साथ एक अन्य व्यक्ति भी था, जो दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया।
पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।