Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में छेड़खानी के आरोपी ने डायल 112 की टीम से की हाथापाई, पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ी; गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, October 7, 2026

बिहार में छेड़खानी के आरोपी ने डायल 112 की टीम से की हाथापाई, पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ी; गिरफ्तार

समस्तीपुर में छेड़खानी के आरोपी ने डायल 112 की टीम से की हाथापाई, पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ी; गिरफ्तार

मोहिउद्दीननगर (समस्तीपुर)। मोहिउद्दीननगर में छेड़खानी की शिकायत पर युवक को पकड़ने गई डायल 112 की पुलिस टीम के साथ हाथापाई करने और एक पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ने का मामला सामने आया है। युवक पुलिस वाहन में बैठने से इनकार करते हुए कथित तौर पर भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने का प्रयास किया तो सड़क पर काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच उठापटक होती रही। बाद में थाने से पहुंचे अतिरिक्त पुलिस बल ने युवक को काबू में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

घटना मोहिउद्दीननगर हाई स्कूल के समीप एनएच-122बी किनारे पुराने टाटा स्टैंड के पास की बताई गई है। घटना के दौरान सड़क पर लोगों की भीड़ जुट गई। आसपास मौजूद कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो भी बनाया।

जानकारी के अनुसार, मोहिउद्दीननगर बाजार निवासी गोलू कुमार के खिलाफ डायल 112 पर एक महिला से छेड़खानी की शिकायत मिलने की बात बताई गई। शिकायत मिलने के बाद डायल 112 की टीम युवक को पकड़ने के लिए मौके पर पहुंची थी।

डायल 112 टीम के प्रभारी राजू यादव ने युवक को पकड़कर पुलिस वाहन में बैठाने का प्रयास किया। बताया गया कि युवक ने पुलिस वाहन में बैठने से इनकार कर दिया और कथित रूप से उग्र होकर वहां से भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने उसे रोकने की कोशिश की तो युवक और पुलिसकर्मियों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।

इसी दौरान युवक ने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी की वर्दी फाड़ दी। पुलिसकर्मी युवक को काबू करने का प्रयास करते रहे। सड़क पर काफी देर तक हुई इस उठापटक को देखने के लिए आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए।

घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने मोहिउद्दीननगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाने से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने युवक को काबू में लेकर गिरफ्तार कर लिया और उसे थाने ले जाया गया।

बताया जा रहा है कि घटना के दौरान युवक के नशे में होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

मोहिउद्दीननगर थानाध्यक्ष विनय कुमार ने बताया कि डायल 112 पर युवक के विरुद्ध छेड़खानी की शिकायत मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम उसे पकड़ने गई थी। पुलिस के साथ हुई घटना की भी जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Kosi Live की रिपोर्ट