पूर्णिया में भीषण सड़क हादसा: 100 की रफ्तार में पुल की रेलिंग तोड़ सौरा नदी में गिरी फॉर्च्यूनर, पूर्व सांसद के चचेरे भाई की मौत
पूर्णिया में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा के चचेरे भाई बबलू विश्वास की मौत हो गई। लाइन बाजार इलाके में तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार अनियंत्रित होकर सौरा नदी पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 40 फीट नीचे नदी में जा गिरी। हादसे के वक्त कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फॉर्च्यूनर कार बाजार की ओर से काफी तेज गति में आ रही थी। इसी दौरान सौरा नदी पुल पर चालक का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते कार पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे नदी में जा गिरी। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद नदी में गिरी कार को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। क्रेन की मदद से करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद फॉर्च्यूनर को नदी से बाहर निकाला गया। कार के अंदर मौजूद बबलू विश्वास को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बाजार से घर लौटने के दौरान हुआ हादसा
पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने बताया कि कार अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई, जिससे पानी में डूबने के कारण उनके चचेरे भाई की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि बबलू विश्वास बेहद सरल स्वभाव के व्यक्ति थे और उनका अपना कारोबार था। वे कार शोरूम का व्यवसाय करते थे। बाजार से घर लौटने के दौरान यह हादसा हुआ।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सदर एसडीपीओ अभिनव पाराशर ने बताया कि एक कार पुल से नीचे नदी में गिर गई थी। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हुई है। रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद कार को नदी से बाहर निकाल लिया गया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। वहीं, तेज रफ्तार और पुल पर वाहन का संतुलन बिगड़ने से हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।