Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में 10 हजार रुपये रिश्वत लेते डाक विभाग का ओवरसियर गिरफ्तार, CBI ने किया ट्रैप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, October 5, 2026

बिहार में 10 हजार रुपये रिश्वत लेते डाक विभाग का ओवरसियर गिरफ्तार, CBI ने किया ट्रैप

भोजपुर में 10 हजार रुपये रिश्वत लेते डाक विभाग का ओवरसियर गिरफ्तार, CBI ने किया ट्रैप

भोजपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हेड पोस्ट ऑफिस से जुड़े ओवरसियर पुरुषोत्तम कुमार को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह ग्रामीण डाक सेवक से सरकारी काम कराने और फाइल पर हस्ताक्षर कराने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा था।

शिकायत मिलने के बाद CBI ने पहले मामले का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने के बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई और रविवार देर शाम आरा स्थित आरोपी के सरकारी आवास पर कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

रिश्वत की रकम लेते ही पहुंच गई CBI टीम

जानकारी के अनुसार, उदवंतनगर प्रखंड के छोटकी सासाराम स्थित उप डाकघर में तैनात एक ग्रामीण डाक सेवक ने पुरुषोत्तम कुमार पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए CBI से शिकायत की थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, उससे सरकारी काम कराने और फाइल पर साइन कराने के एवज में 10 हजार रुपये मांगे जा रहे थे।

रविवार को शिकायतकर्ता आरोपी के सरकारी आवास पर पहुंचा और उसे 10 हजार रुपये दिए। इसी दौरान पहले से निगरानी कर रही CBI टीम ने कार्रवाई शुरू कर दी।

टीम को देखते ही रुपये फेंक दिए

बताया जा रहा है कि CBI टीम को अपनी ओर आते देख आरोपी घबरा गया और उसने रिश्वत की रकम बाहर फेंक दी। हालांकि, टीम ने उसे मौके से पकड़ लिया और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।

गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के परिवार के सदस्यों ने विरोध भी किया। मौके पर मौजूद नवादा थाना पुलिस ने स्थिति को संभाला, जिसके बाद CBI टीम आरोपी को अपने साथ ले गई।

हर तीन महीने पर 10 हजार रुपये मांगने का आरोप

शिकायतकर्ता ग्रामीण डाक सेवक का आरोप है कि उससे हर तीन महीने पर 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की जाती थी। आरोप है कि पुरुषोत्तम कुमार कई ग्रामीण डाक सेवकों से उनके काम कराने और फाइलों पर हस्ताक्षर कराने के बदले पैसे मांगता था।

लगातार रिश्वत की मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने CBI से संपर्क किया। इसके बाद शिकायत का सत्यापन कर एजेंसी ने ट्रैप की कार्रवाई की।

दो दिन पहले हुआ था अरवल ट्रांसफर

बताया जा रहा है कि पुरुषोत्तम कुमार का दो दिन पहले प्रमोशन के बाद अरवल ट्रांसफर हुआ था। इसके बावजूद CBI ने आरा स्थित उसके सरकारी आवास पर ट्रैप की कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी के बाद डाक विभाग के कर्मचारियों के बीच भी हड़कंप मच गया है। अब CBI रिश्वतखोरी के आरोप से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

पहले भी डाक विभाग में हो चुकी है CBI की कार्रवाई

डाक विभाग से जुड़े भ्रष्टाचार के मामलों में CBI पहले भी कार्रवाई कर चुकी है। इससे पहले आरा रेलवे स्टेशन के पास ट्रैप की कार्रवाई में बक्सर जिले के रघुनाथपुर के डाक निरीक्षक मनीष कुमार को एक लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किए जाने की बात सामने आई थी। इसके बाद बक्सर प्रधान डाकघर में भी छापेमारी की गई थी।

मामले में तत्कालीन डाक अधीक्षक सरिता कुमारी और एक अन्य कर्मचारी की गिरफ्तारी की कार्रवाई भी हुई थी।

फिलहाल भोजपुर में हुई इस कार्रवाई के बाद CBI आरोपी से पूछताछ और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

कोशी लाइव की रिपोर्ट