Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:खंडहर मकान में चल रहा था शराब का खेल, 305 लीटर विदेशी शराब के साथ 10 लीटर कफ सिरप बरामद; 2 गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, September 8, 2026

SAHARSA:खंडहर मकान में चल रहा था शराब का खेल, 305 लीटर विदेशी शराब के साथ 10 लीटर कफ सिरप बरामद; 2 गिरफ्तार

खंडहर मकान में चल रहा था शराब का खेल, 305 लीटर विदेशी शराब के साथ 10 लीटर कफ सिरप बरामद; 2 गिरफ्तार

सहरसा। सदर थाना पुलिस ने शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने विद्यापति नगर में एक खंडहरनुमा मकान पर छापेमारी कर 305.79 लीटर विदेशी शराब और 10 लीटर कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार किया, जबकि कई अन्य लोग अंधेरे और संकरी गलियों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।

पुलिस ने मौके से पांच मोटरसाइकिल और एक टेंपो भी जब्त किया है। बरामद वाहनों के शराब के कारोबार में इस्तेमाल होने की आशंका को लेकर पुलिस जांच कर रही है।

गुप्त सूचना पर पहुंची पुलिस टीम

सदर थाना में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी संदीप कुमार राम के नेतृत्व में पुलिस टीम विशेष छापेमारी अभियान पर निकली थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि विद्यापति नगर में रिंकू झा के कोचिंग के समीप स्थित एक खंडहर मकान में कई लोग मोटरसाइकिल लेकर जमा हैं और वहां शराब की खरीद-बिक्री की जा रही है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने पहले मौके की जानकारी जुटाकर सत्यापन किया। मामला सही पाए जाने पर पुलिस करीब 1:25 बजे खंडहर मकान के पास पहुंची।

पुलिस की गाड़ी देखते ही मची भगदड़

पुलिस वाहन को देखते ही मकान के आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग मौके से भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दो लोगों को पकड़ लिया, जबकि बाकी आरोपी अंधेरे और संकरी गलियों का फायदा उठाकर फरार हो गए।

इसके बाद पुलिस ने खंडहर मकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान अलग-अलग ब्रांड की बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।

100 बोतलों में मिला कोडिनयुक्त कफ सिरप

पुलिस के मुताबिक, मौके से कुल 305.79 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। इसके अलावा 100 बोतलों में रखा करीब 10 लीटर कोडिनयुक्त कफ सिरप भी मिला। शराब और कफ सिरप को जब्त कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

दो आरोपित गिरफ्तार, तीन अन्य के खिलाफ केस

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मधेपुरा जिले के कुमारखंड थाना क्षेत्र निवासी राजीव रंजन और सहरसा जिले के सौरबाजार थाना क्षेत्र निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपितों ने पुलिस को कुछ अन्य लोगों के बारे में जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, उन्होंने बताया कि अमरेंद्र कुमार सिंह और दिलखुश कुमार ने उन्हें विदेशी शराब खरीदने के लिए वहां बुलाया था।

इसके बाद पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपितों के साथ अमरेंद्र कुमार सिंह, दिलखुश कुमार और जब्त वाहनों के स्वामियों को भी प्राथमिकी में नामजद किया है।

पांच बाइक और टेंपो जब्त, परिवहन की भी जांच

छापेमारी के दौरान पांच मोटरसाइकिल और एक टेंपो मिलने के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन वाहनों का इस्तेमाल शराब की खरीद-बिक्री अथवा उसके परिवहन में किया जा रहा था या नहीं। पुलिस वाहन मालिकों की जानकारी भी जुटा रही है।

फरार आरोपितों की तलाश में छापेमारी

दो आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब फरार लोगों की तलाश में जुटी है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि खंडहर मकान में शराब और कोडिनयुक्त कफ सिरप कब से रखा जा रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

सदर थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।