Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:स्कूटी की डिक्की में छिपाकर ले जा रही थी 25 लीटर देसी शराब, पस्तपार में महिला गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, September 8, 2026

SAHARSA:स्कूटी की डिक्की में छिपाकर ले जा रही थी 25 लीटर देसी शराब, पस्तपार में महिला गिरफ्तार

स्कूटी की डिक्की में छिपाकर ले जा रही थी 25 लीटर देसी शराब, पस्तपार में महिला गिरफ्तार

सहरसा। पस्तपार पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मंगलवार को 25 लीटर देसी शराब के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया। पुलिस ने शराब बरामद करने के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को भी जब्त कर लिया।

थानाध्यक्ष विजय कुमार पासवान ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुअनि राहुल कुमार पुलिस बल के साथ थाना के सामने एनएच-106 पर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान अरार की तरफ से भर्राही की ओर जा रही एक स्कूटी को पुलिस ने रोका।

डिक्की खोलते ही सामने आई शराब की खेप

पुलिस ने स्कूटी सवार महिला की तलाशी ली। जांच के दौरान स्कूटी की सीट के नीचे बनी डिक्की से सफेद रंग की 10 पन्नी की पोटली बरामद हुई। पोटलियों को खोलने पर उनमें कुल 25 लीटर देसी शराब मिली।

शराब बरामद होने के बाद पुलिस ने स्कूटी को भी जब्त कर लिया और महिला को हिरासत में ले लिया।

बिहारीगंज की रहने वाली है गिरफ्तार महिला

गिरफ्तार महिला की पहचान मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र के परमानंदपुर वार्ड नंबर-10 निवासी अरुण साह की 20 वर्षीय पुत्री गुंजा कुमारी के रूप में हुई है।

पुलिस ने शराब बरामदगी के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

महिलाओं की भूमिका भी जांच के दायरे में

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर शराब की अवैध तस्करी में महिलाओं की भूमिका को लेकर सवाल उठे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में शराब के अवैध कारोबार में पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं की संलिप्तता भी देखने को मिल रही है।

पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।