Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:थानाध्यक्ष राकेश कुमार निलंबित: ड्रग्स छापेमारी में संदिग्ध आचरण की पुष्टि के बाद एसपी का एक्शन - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, September 15, 2026

BIHAR:थानाध्यक्ष राकेश कुमार निलंबित: ड्रग्स छापेमारी में संदिग्ध आचरण की पुष्टि के बाद एसपी का एक्शन

किशनगंज में थानाध्यक्ष पर एसपी का चाबुक, गलगलिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार निलंबित

किशनगंज। जिले में कर्तव्य के प्रति लापरवाही, संदिग्ध आचरण और अनुशासनहीनता के मामले में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बड़ी कार्रवाई की है। एसपी ने गलगलिया थाना के थानाध्यक्ष सह पुअनि राकेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। थानाध्यक्ष पर कर्तव्यहीनता, मनमाने रवैये, अनुशासनहीनता और वरीय अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

पुलिस विभाग की इस कार्रवाई के बाद जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। एसपी ने स्पष्ट कर दिया है कि ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

12 सितंबर की छापेमारी के दौरान सामने आई शिथिलता

पुलिस कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 12 सितंबर को गलगलिया थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया था।

इसी अभियान के दौरान थानाध्यक्ष राकेश कुमार के संदिग्ध आचरण और कार्यशैली में भारी शिथिलता बरते जाने की गुप्त सूचना वरीय अधिकारियों को मिली। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने तत्काल इसकी जांच कराने का निर्देश दिया।

एसडीपीओ को सौंपी गई थी जांच

मामले की जांच का जिम्मा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ)-द्वितीय, किशनगंज को सौंपा गया। जांच अधिकारी ने प्रारंभिक जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को सौंपी।

जांच रिपोर्ट में प्रथम दृष्टया थानाध्यक्ष के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि होने की बात सामने आई। इसके बाद एसपी संतोष कुमार ने मामले में तत्काल संज्ञान लेते हुए राकेश कुमार को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया।

निलंबन के साथ विभागीय जांच भी शुरू

निलंबन आदेश के साथ ही राकेश कुमार के खिलाफ विभागीय जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। उनसे पूरे मामले को लेकर विधिवत स्पष्टीकरण मांगा गया है।

निलंबन की अवधि के दौरान उन्हें सरकारी नियमों के अनुसार जीवन-यापन भत्ता देय होगा। विभागीय जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और स्पष्टीकरण के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिसकर्मियों को एसपी का सख्त संदेश

एसपी संतोष कुमार ने कार्रवाई के माध्यम से पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि कर्तव्य निर्वहन में किसी भी तरह की लापरवाही, मनमाना रवैया या संदिग्ध आचरण स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि पुलिस बल में अनुशासन, निष्ठा और जिम्मेदारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस विभाग भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है।

लापरवाही मिली तो होगी कड़ी कार्रवाई

एसपी ने कहा कि भविष्य में भी यदि कोई पुलिस पदाधिकारी या कर्मी गैर-जिम्मेदाराना आचरण या कर्तव्य में लापरवाही करता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

गलगलिया थानाध्यक्ष पर हुई यह कार्रवाई जिले में पुलिसकर्मियों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है और इसे विभाग में अनुशासन बनाए रखने के लिए एसपी की सख्त कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।

कोशी लाइव की रिपोर्ट