Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:बाइक सटने के विवाद ने लिया खूनी रूप, कॉलेज छात्र की गोली मारकर हत्या; दो घायल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, September 1, 2026

BIHAR:बाइक सटने के विवाद ने लिया खूनी रूप, कॉलेज छात्र की गोली मारकर हत्या; दो घायल

हिसुआ में बाइक सटने के विवाद ने लिया खूनी रूप, कॉलेज छात्र की गोली मारकर हत्या; दो घायल

नवादा/हिसुआ। नवादा जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र में मंगलवार को बाइक सटने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद कुछ ही देर में खूनी संघर्ष में बदल गया। पांचूगढ़-कचहरी रोड इलाके में हुई गोलीबारी में 24 वर्षीय कॉलेज छात्र प्रणय कुमार भारती की गोली लगने से मौत हो गई। घटना में दो अन्य युवकों के घायल होने की भी सूचना है। वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

मृतक हिसुआ पांचूगढ़ निवासी शिक्षक मनीष भारती का पुत्र था और बीए पार्ट-1 का छात्र बताया जा रहा है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर करीब 7 घंटे तक नवादा-हिसुआ मुख्य मार्ग जाम कर दिया। विश्वशांति चौक पर टायर जलाकर भी विरोध जताया गया। सड़क जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

घर से करीब 500 मीटर दूर हुई गोलीबारी

बताया जा रहा है कि प्रणय मंगलवार दोपहर करीब एक बजे अपने दोस्तों के साथ टीएस कॉलेज की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही बुलेट बाइक उससे सट गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई।

स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद उस समय विवाद शांत हो गया और प्रणय अपने घर लौट आया। हालांकि, कुछ देर बाद पांचूगढ़ में दोनों पक्ष दोबारा आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जुट गई और विवाद बढ़ गया।

दो गाड़ियों में 20-30 लोगों के पहुंचने का आरोप

मृतक के चाचा जैकी के अनुसार, बाइक सटने के बाद हुए विवाद के कुछ समय बाद आरोपित पक्ष के लोग दो गाड़ियों में करीब 20 से 30 लोगों के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान प्रणय पर गोली चला दी गई।

परिजनों का कहना है कि गोली लगने के बाद उनका पूरा ध्यान प्रणय को बचाने में लग गया, इसलिए वे हमलावरों को पकड़ नहीं सके। परिजनों के अनुसार, आरोपित पक्ष के लोग बगोदर की ओर से आए थे।

हालांकि, पुलिस अभी घटना की पूरी परिस्थितियों और आरोपों की जांच कर रही है।

गोलीबारी में दो अन्य युवक भी घायल

घटना के दौरान गोलीबारी और रोड़ेबाजी की भी सूचना है। इस घटना में दूसरे पक्ष के चंदन कुमार और अखिलेश कुमार के घायल होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, घटना के दौरान एक ब्रेजा कार, एक स्कॉर्पियो और एक बुलेट बाइक को भी क्षतिग्रस्त किए जाने की बात सामने आई है।

घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया।

पुलिस ने दो कार और बुलेट बाइक जब्त की

घटना की सूचना मिलते ही सर्किल इंस्पेक्टर दिगंबर प्रसाद, हिसुआ थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार समेत पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति नियंत्रित करने का प्रयास किया।

पुलिस ने घटनास्थल से दो कार और एक बुलेट बाइक जब्त की है। मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस गोलीबारी में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है।

कॉलेज में विवाद और वर्चस्व की बात भी सामने आई

घटना के बाद मृतक के दोस्तों और परिजनों ने विवाद की एक दूसरी वजह भी बताई है। मृतक के दोस्त चंदन कुमार के अनुसार, कॉलेज में बैठने को लेकर पहले विवाद हुआ था। वहीं, परिजनों ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि मामला कॉलेज में वर्चस्व को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद से जुड़ा हो सकता है।

परिजनों का दावा है कि दोनों पक्षों के बीच यह विवाद करीब छह वर्षों से चला आ रहा था और अब हिंसक संघर्ष में बदल गया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में कॉलेज में कुछ लोगों के बीच विवाद और बहस की बात सामने आई है। हत्या का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

आईजी और एसपी ने परिजनों से की मुलाकात

घटना की गंभीरता को देखते हुए मगध आईजी विकास वैभव और नवादा एसपी अभिनव धीमान मृतक के घर पहुंचे। अधिकारियों ने करीब 20 मिनट तक परिजनों से बातचीत की और घटना की पूरी जानकारी ली।

आईजी ने मृतक के पिता से घटना से जुड़ी जानकारी ली और हत्या की वजह तथा घटनाक्रम की एक-एक कड़ी को समझने का प्रयास किया। अधिकारियों ने परिवार को जल्द कार्रवाई और आरोपितों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया।

एसपी की निगरानी में SIT गठित

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी की निगरानी में विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है। SIT आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपितों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है।

मृतक के घर पर दो पुलिस जवान तैनात

घटना के बाद परिवार में भय और तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मृतक के घर की सुरक्षा बढ़ा दी है। आईजी विकास वैभव के निर्देश पर मृतक के घर पर दो पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।

पुलिस का कहना है कि परिवार की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। जरूरत पड़ने पर सुरक्षा व्यवस्था को और बढ़ाया जा सकता है।

FSL टीम ने भी जुटाए साक्ष्य

गोलीबारी की सूचना के बाद पुलिस के साथ FSL टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल से मिले सामान और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही घटना में शामिल सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।