हेडलाइन: मोबाइल झपटमारी के बाद 3 किमी तक दौड़ी पुलिस, 'Apache Lover' की मॉडिफाइड बाइक छोड़कर ट्रैक पार कर भागे बदमाश
मुजफ्फरपुर | कोशी लाइव
मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र में रविवार रात मोबाइल झपटमारी के आरोप में पुलिस ने तीन बाइक सवार बदमाशों का करीब तीन किलोमीटर तक पीछा किया। राहुल नगर रेलवे गुमटी के पास रास्ता बंद मिलने पर बदमाश अपनी मॉडिफाइड TVS Apache बाइक छोड़कर रेलवे ट्रैक पार करते हुए फरार हो गए। पुलिस ने मौके से बाइक जब्त कर मुख्य आरोपी की पहचान कर ली है।
मोबाइल झपटकर भागे, पुलिस ने किया पीछा
घटना मेहंदी हसन चौक की बताई गई है। राहुल कुमार डॉक्टर से इलाज कर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार बाइक पर सवार तीन युवकों ने उनका मोबाइल झपट लिया। सूचना मिलते ही लक्ष्मी चौक पर वाहन जांच कर रही ब्रह्मपुरा थाना पुलिस ने संदिग्ध बाइक का पीछा शुरू कर दिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहचान छिपाने के लिए बाइक का पिछला नंबर प्लेट भी हटाकर चल रहे थे। पीछा करते हुए पुलिस करीब तीन किलोमीटर तक उनके पीछे लगी रही।
रेलवे गुमटी बंद मिली तो बाइक छोड़कर भागे
भागते-भागते बदमाश संजय सिनेमा रोड पहुंचे, जहां राहुल नगर रेलवे गुमटी बंद मिली। रास्ता बंद देखकर उन्होंने बाइक एक संकरी गली में घुसा दी, लेकिन स्थानीय लोगों ने उनका रास्ता रोक दिया। खुद को घिरता देख तीनों बदमाश बाइक छोड़कर रेलवे ट्रैक पार करते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
बाइक पर लिखा था Instagram हैंडल
पुलिस ने मौके से काले और लाल रंग की मॉडिफाइड TVS Apache RTR 160 जब्त की है। बाइक के फ्यूल टैंक पर सफेद अक्षरों में @guddu_my_jaan_apache_lover लिखा मिला। वहीं वाइजर पर "MERU RANI", टैंक के दूसरे हिस्से पर "BABY" और सीट पर लाल फूलों वाला कवर लगा हुआ था।
समस्तीपुर के युवक की पहचान
जांच में पुलिस ने मुख्य आरोपी की पहचान समस्तीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के नथु द्वार गांव निवासी युवक के रूप में की है। पुलिस के अनुसार, वह इंस्टाग्राम पर रील बनाता था और कथित तौर पर "हम इंस्पेक्टर नहीं अपराधी बनबई रे" जैसे गानों का इस्तेमाल कर वीडियो पोस्ट करता था।
ब्रह्मपुरा थानाध्यक्ष विपिन कुमार रंजन ने बताया कि मुख्य आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी तथा उसके साथियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।