Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:स्टेशनरी दुकान से शुरू हुई जांच, 3 तस्कर गिरफ्तार; 12.5 किलो गांजा, सोना और 10.52 लाख कैश बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, September 6, 2026

BIHAR:स्टेशनरी दुकान से शुरू हुई जांच, 3 तस्कर गिरफ्तार; 12.5 किलो गांजा, सोना और 10.52 लाख कैश बरामद

आरा में गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा: स्टेशनरी दुकान से शुरू हुई जांच, 3 तस्कर गिरफ्तार; 12.5 किलो गांजा, सोना और 10.52 लाख कैश बरामद

आरा में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में नगर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इब्राहिम नगर-धरहरा और शिवगंज इलाके में छापेमारी कर तीन कथित गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 12 किलो 535 ग्राम गांजा, 99.95 ग्राम सोने का बिस्कुट, 10 लाख 52 हजार रुपये नकद, पिस्टल की एक मैगजीन और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

स्टेशनरी दुकान में गांजा बेचने की मिली थी सूचना

मुख्यालय डीएसपी मनोज कुमार ने शनिवार को नगर थाने में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि शुक्रवार को एसपी अवधेश दीक्षित को सूचना मिली थी कि धरहरा-इब्राहिम नगर इलाके में स्थित एक स्टेशनरी दुकान से मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है।

सूचना के आधार पर नगर थानाध्यक्ष देवराज राय के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई की गई।

दुकान से 360 ग्राम गांजा और 10 हजार रुपये मिले

पुलिस टीम ने इब्राहिम नगर-धरहरा स्थित स्टेशनरी दुकान पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान करीब 360 ग्राम गांजा, 10 हजार रुपये नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।

मौके से पुलिस ने इब्राहिम नगर निवासी अभिमन्यु कुमार उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया।

मोनू की निशानदेही पर शिवगंज में छापा

पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अभिमन्यु कुमार की निशानदेही पर शिवगंज मोहल्ले में छापेमारी की। यहां से अभिषेक कुमार सोनू और राहुल पटेल उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, दोनों के पास से करीब 12 किलो 175 ग्राम गांजा, 99.95 ग्राम सोने का बिस्कुट और 10 लाख 42 हजार रुपये नकद बरामद हुए। इस तरह तीनों के पास से कुल 12 किलो 535 ग्राम गांजा और 10 लाख 52 हजार रुपये नकद मिले।

गांजा तस्करी के पैसे से खरीदा गया था सोना!

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बरामद करीब 100 ग्राम के सोने के बिस्कुट को कथित तौर पर गांजा तस्करी से अर्जित रकम से खरीदा गया था। हालांकि, पुलिस अब सोने के बिस्कुट और 10.52 लाख रुपये के वास्तविक स्रोत की जांच कर रही है।

पिस्टल की मैगजीन मिलने से हथियार कनेक्शन की जांच

छापेमारी के दौरान पिस्टल की एक मैगजीन भी बरामद हुई है। इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मैगजीन किस हथियार से संबंधित है और गिरफ्तार आरोपियों का अवैध हथियार या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि से कोई संबंध है या नहीं।

तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिमन्यु कुमार उर्फ मोनू, अभिषेक कुमार सोनू और राहुल पटेल उर्फ गुड्डू के रूप में हुई है। पुलिस तीनों से पूछताछ कर गांजा तस्करी के नेटवर्क, सप्लाई के स्रोत, सोने की खरीद और बरामद नकदी के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

मामले में नगर थाने में तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए छापेमारी की जा रही है।