पूर्णिया में 4 करोड़ की स्मैक बरामद, 6 तस्कर गिरफ्तार: कार में 2.139 किलो नशीला पदार्थ मिला, 4 महिलाएं भी शामिल; मुख्य आरोपी पर पहले से 4 NDPS केस
पूर्णिया। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रूपौली-टीकापट्टी मुख्य मार्ग पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक कार से 2 किलो 139 ग्राम स्मैक बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ रुपए है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो पुरुष और चार महिलाओं समेत छह कथित तस्करों को गिरफ्तार किया। इनके पास से छह मोबाइल फोन, 40 हजार 260 रुपए नकद और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार भी जब्त की गई है।
गुप्त सूचना पर शुरू की गई वाहन जांच
एएसपी आलोक कुमार ने रविवार को बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भारी मात्रा में स्मैक लेकर एक कार रूपौली-टीकापट्टी मार्ग से गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर धमदाहा एसडीपीओ शैलेश प्रीतम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
इसके बाद रूपौली-टीकापट्टी मुख्य सड़क पर वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान पुलिस ने एक सफेद रंग की कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में सवार छह लोगों के पास से 2.139 किलो स्मैक बरामद हुआ।
चार महिलाएं और दो पुरुष गिरफ्तार
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान इस प्रकार बताई गई है—
- विष्णु कुमार (23 वर्ष) — रूपौली थाना क्षेत्र
- शेखर कुमार (24 वर्ष) — रूपौली थाना क्षेत्र
- शांति देवी (25 वर्ष) — कुर्सेला, कटिहार
- शोभा देवी (45 वर्ष) — कुर्सेला, कटिहार
- इंदू देवी (25 वर्ष) — डूमर गांव, पोठिया थाना क्षेत्र
- मीना देवी (50 वर्ष) — पोठिया थाना क्षेत्र
पुलिस ने सभी आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों को आशंका है कि गिरफ्तार आरोपी सीमांचल के अलग-अलग इलाकों में नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वाले संगठित नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।
मोबाइल और नकदी से नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
स्मैक के अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन और 40,260 रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस अब मोबाइल फोन की जांच और आरोपियों से पूछताछ के जरिए नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
एएसपी के अनुसार, गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 4 NDPS केस
पुलिस के मुताबिक, स्मैक के साथ गिरफ्तार शेखर कुमार का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ रूपौली थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत वर्ष 2024 और 2025 में कुल चार मामले दर्ज हैं।
इनमें कांड संख्या 116/24, 138/24, 187/24 और 216/25 शामिल हैं। पुलिस इन मामलों की भी जांच करते हुए शेखर के कथित आपराधिक नेटवर्क और उसके संपर्कों की जानकारी जुटा रही है।
कई थानों की पुलिस टीम कार्रवाई में शामिल
कार्रवाई में धमदाहा एसडीपीओ शैलेश प्रीतम, जिला आसूचना इकाई, राजस्व अधिकारी अमित कुमार, रूपौली थानाध्यक्ष अभय रंजन, टीकापट्टी थानाध्यक्ष सौरभ कुमार समेत पुलिस बल के जवान शामिल थे।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर नशीले पदार्थों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।