Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में BDO के ठिकानों पर EOU की छापेमारी, आय से 1.71 करोड़ ज्यादा संपत्ति का आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, September 8, 2026

बिहार में BDO के ठिकानों पर EOU की छापेमारी, आय से 1.71 करोड़ ज्यादा संपत्ति का आरोप

बिहार में BDO के ठिकानों पर EOU की छापेमारी, आय से 1.71 करोड़ ज्यादा संपत्ति का आरोप

पटना/दरभंगा: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई की है। आर्थिक अपराध इकाई ने दरभंगा जिले के बहादुरपुर प्रखंड के BDO आनंद कुमार विभूति के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। मंगलवार को EOU की अलग-अलग टीमों ने BDO से जुड़े पांच ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया। पूरी कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारियों की निगरानी में की जा रही है।

1.71 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति का आरोप

EOU के अनुसार, विश्वसनीय सूत्र से मिली जानकारी की जांच के बाद आनंद कुमार विभूति के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की संशोधित धारा 13(2) और 13(1)(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। तलाशी के लिए पटना स्थित विशेष निगरानी अदालत से सर्च वारंट प्राप्त किया गया था।

जांच के दौरान उनकी ज्ञात और वैध आय के मुकाबले संपत्ति का आकलन किया गया। प्रारंभिक जांच में 1,71,84,000 रुपये की आय से अधिक संपत्ति का पता चलने का दावा किया गया है। EOU के मुताबिक, यह राशि उनकी ज्ञात आय से करीब 121.87 प्रतिशत अधिक है।

पांच ठिकानों पर एक साथ पहुंची EOU की टीमें

EOU की टीमों ने BDO के पांच अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी शुरू की है। इनमें—

  • लालबेगिया, थाना चिरैया, पूर्वी चंपारण स्थित पैतृक आवास
  • फ्लैट नंबर 305, साई विहार अपार्टमेंट, आशोपुर, थाना दानापुर, पटना
  • बहादुरपुर, दरभंगा स्थित प्रखंड कार्यालय का कमरा
  • बहादुरपुर स्थित सरकारी आवास
  • सरस्वती नगर, रोड नंबर-01, थाना अहियापुर, मुजफ्फरपुर स्थित निजी घर

शामिल हैं।

दस्तावेज और संपत्ति के कागजात खंगाल रही टीम

तलाशी के दौरान EOU की टीमें संपत्ति से संबंधित दस्तावेज, वित्तीय रिकॉर्ड, कागजात और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच कर रही हैं। अधिकारियों की निगरानी में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई जारी है।

EOU ने बताया कि तलाशी पूरी होने के बाद बरामदगी और जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल कार्रवाई जारी है।