सहरसा में 17 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, आरोपी फरार
सहरसा जिले के सोनवर्षाराज थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए करीब 17 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। हालांकि, पुलिस की छापेमारी की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गया।
थाना प्रभारी नागमणि कुमार के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि नगर क्षेत्र के मुख्य बाजार निवासी राजकुमार विश्वास अपने घर में अवैध शराब छिपाकर उसका कारोबार करता है। सूचना की पुष्टि के बाद गुरुवार दोपहर पुलिस टीम ने राजकुमार विश्वास के घर पर छापेमारी की।
तलाशी के दौरान एक थैले में छिपाकर रखी विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। बरामद शराब में 750 एमएल की 18 बोतल और 180 एमएल की 24 बोतल शामिल हैं। पुलिस के पहुंचने की जानकारी मिलते ही आरोपी राजकुमार विश्वास मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने शराब को जब्त कर आरोपी के खिलाफ मद्यनिषेध कानून के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि शराब बरामदगी के मामले में आरोपी राजकुमार विश्वास के पिता मुन्ना विश्वास और उसका पुत्र पहले से ही सहरसा जेल में बंद हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।