Kosi Live-कोशी लाइव मधेपुरा में शराब और सूखा नशा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद, 15 आरोपी गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, September 30, 2026

मधेपुरा में शराब और सूखा नशा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद, 15 आरोपी गिरफ्तार

मधेपुरा में शराब और सूखा नशा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद, 15 आरोपी गिरफ्तार

मधेपुरा। मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग, मधेपुरा की ओर से जिले में शराब और सूखा नशा के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में सघन छापेमारी के साथ प्रमुख सड़क मार्गों पर वाहनों की जांच की गई। इसके अलावा दवा दुकानों में भी विशेष रूप से छापेमारी कर नशीली दवाओं की बिक्री और अवैध गतिविधियों की जांच की गई।

इसी क्रम में उत्पाद विभाग की टीम ने आलमनगर थाना क्षेत्र के बीआरसी चौक के समीप छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान करीब 0.100 लीटर अवैध कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद किया गया। मामले में लंबोदर झा को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, मामले से जुड़े एक अन्य आरोपी के फरार होने की जानकारी सामने आई है, जिसके खिलाफ विभाग की ओर से विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

ब्रेथ एनालाइजर से जांच, 14 गिरफ्तार

अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर शराब सेवन की जांच के लिए ब्रेथ एनालाइजर मशीन का भी इस्तेमाल किया गया। श्वास विश्लेषण के दौरान शराब सेवन की पुष्टि होने पर 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

इस प्रकार उत्पाद विभाग की कार्रवाई में कुल 15 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई। विभाग की टीम ने शराब के साथ-साथ सूखा नशा और नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर भी निगरानी बढ़ा दी है।

लगातार जारी रहेगा अभियान

मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग ने बताया कि जिले में शराब और अन्य नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अवैध शराब, नशीली दवाओं की बिक्री अथवा सेवन से जुड़ी गतिविधियों पर कार्रवाई के लिए छापेमारी और जांच अभियान को तेज किया जा रहा है।

विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि जिले में कहीं भी अवैध शराब या नशीले पदार्थों की बिक्री अथवा अन्य गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।