सहरसा में TVS शोरूम पर 20-25 उपद्रवियों का हमला, कर्मचारियों से मारपीट और तोड़फोड़; CCTV में कैद हुई वारदात
सहरसा। जिले के पटूआहा स्थित वार्ड नंबर-25 में बुधवार दोपहर एक TVS ऑटो शोरूम में 20-25 लोगों के घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि उपद्रवियों ने शोरूम में मौजूद कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और लाठी-डंडे तथा लोहे की रॉड से काउंटर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
पूरी घटना शोरूम में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। शोरूम संचालक सौरभ सिंह ने सदर थाना में लिखित आवेदन देकर नामजद आरोपियों समेत 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और अपने शोरूम व कर्मचारियों की सुरक्षा की मांग की है।
दोपहर में अचानक शोरूम में घुसे 20-25 लोग
संचालक सौरभ सिंह के अनुसार, घटना बुधवार दोपहर करीब 12:15 बजे की है। उस समय वह अपने कर्मचारियों के साथ शोरूम में काम कर रहे थे। इसी दौरान 20-25 लोग अचानक शोरूम के अंदर घुस आए।
संचालक और कर्मचारियों ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने कथित तौर पर लाठी-डंडे और लोहे की रॉड निकाल ली। इसके बाद शोरूम के काउंटर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में तोड़फोड़ शुरू कर दी गई।
विरोध करने पर कर्मचारियों के साथ मारपीट
आरोप है कि तोड़फोड़ का विरोध करने पर हमलावरों ने शोरूम संचालक और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में कई कर्मचारियों को चोटें आने की बात कही गई है।
वारदात के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर संचालक को धमकी दी कि यदि शोरूम दोबारा खोला गया तो उसे जान से मार दिया जाएगा। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
शोरूम संचालक ने पुलिस को बताया कि घटना के दौरान शोरूम में लगे CCTV कैमरे चालू थे। कैमरों में उपद्रवियों के शोरूम में प्रवेश करने, तोड़फोड़ करने और कर्मचारियों के साथ मारपीट करने की पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है।
स्थानीय स्तर पर CCTV फुटेज की जांच के दौरान तीन लोगों की पहचान किए जाने की बात सामने आई है। इनमें वार्ड नंबर-21 स्थित यादव टोला निवासी डब्लू यादव, सत्यम कुमार और बबलू कुमार के नाम बताए गए हैं।
पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, जांच शुरू
पीड़ित व्यवसायी ने पुलिस से CCTV फुटेज के आधार पर घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही शोरूम और वहां काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।
सदर थाना के प्रभारी थाना अध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस CCTV फुटेज और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान करने और उनकी भूमिका की जांच में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।