सुपौल में SSB की बड़ी कार्रवाई: 126 लीटर नेपाली शराब जब्त, बाइक छोड़ नेपाल भागा तस्कर
सुपौल। भारत-नेपाल सीमा पर 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB), वीरपुर के जवानों ने शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 126 लीटर नेपाली देशी शराब जब्त की है। तस्कर जवानों को देखते ही शराब से भरी बोरी और अपाचे मोटरसाइकिल छोड़कर नेपाल की ओर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त की रात करीब 8:45 बजे सीमा चौकी सतना के जवान सीमा सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान सीमा स्तंभ संख्या 202/2 के पास नेपाल की ओर से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल पर बोरी लादकर भारत की तरफ आता दिखाई दिया।
जवानों ने संदिग्ध व्यक्ति को रुकने का इशारा किया। जवानों को देखते ही वह मोटरसाइकिल और बोरी मौके पर छोड़कर नेपाल की ओर भाग निकला।
420 बोतलों में मिली शराब
इसके बाद SSB जवानों ने मौके पर छोड़ी गई बोरी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 420 बोतलों में कुल 126 लीटर नेपाली देशी शराब बरामद हुई। शराब के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
उत्पाद विभाग को सौंपी शराब और बाइक
SSB जवानों ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब्त की गई शराब और मोटरसाइकिल को उत्पाद विभाग, सुपौल को सौंप दिया। फरार तस्कर की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में मुख्य आरक्षी (सामान्य) इफ्तेखार अहमद खान के नेतृत्व में तैनात जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सीमा पर लगातार निगरानी
45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, वीरपुर के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों की रोकथाम और सीमा सुरक्षा को मजबूत बनाए रखने के लिए लगातार सतर्कता बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।