NH-106 पर भीषण सड़क हादसा, सहरसा के दो युवकों की मौत; दो गंभीर
मधेपुरा के भर्राही थाना क्षेत्र में रविवार की रात NH-106 पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मधुबन चौक के पास ट्रैक्टर और दो बाइकों की जोरदार टक्कर में सहरसा जिले के दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतकों की पहचान पस्तपार थाना क्षेत्र के धबौली निवासी सौरभ कुमार (25) और बुधन कुमार (18) के रूप में हुई है। सौरभ को सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, जबकि बुधन ने जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार रात करीब 7:20 बजे मधुबन चौक से आगे सहरसा जाने वाले मोड़ के पास तेज रफ्तार अज्ञात ट्रैक्टर ने दोनों बाइकों को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं और चारों युवक सड़क पर गिर पड़े।
घटना की सूचना मिलने पर भर्राही थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में सहरसा निवासी मदन कुमार का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है, जबकि दूसरे घायल को उसके परिजन निजी अस्पताल ले गए हैं।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइक BR-43N-7089 और BR-19Z-3151 को जब्त कर लिया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि हादसा ट्रैक्टर की टक्कर से हुआ या दोनों बाइकों की आपसी भिड़ंत से। अज्ञात ट्रैक्टर की तलाश भी की जा रही है।