Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:नवजात बच्ची की मौत का सदमा नहीं सह सकी मां, फंदे से लटका मिला शव; पुलिस ने दर्ज किया मामला - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, August 26, 2026

MADHEPURA:नवजात बच्ची की मौत का सदमा नहीं सह सकी मां, फंदे से लटका मिला शव; पुलिस ने दर्ज किया मामला

नवजात बच्ची की मौत का सदमा नहीं सह सकी मां, फंदे से लटका मिला शव; पुलिस ने दर्ज किया मामला

बिहारीगंज, मधेपुरा। मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र में नवजात बच्ची की मौत के बाद उसकी मां ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मृतका के भाई के आवेदन के आधार पर मंगलवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान बिहारीगंज शास्त्री चौक निवासी धर्मेंद्र कुमार साह की पत्नी राधा कुमारी के रूप में हुई है। सोमवार की सुबह राधा का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला।

कुछ दिन पहले ही बेटी को दिया था जन्म

मृतका के भाई भोलू कुमार, निवासी सैफगंज वार्ड नंबर-7, फारबिसगंज थाना क्षेत्र, अररिया ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि राधा ने हाल में ही एक बच्ची को जन्म दिया था।

जन्म के कुछ दिनों बाद नवजात की तबीयत अचानक बिगड़ गयी। परिजनों ने बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां करीब एक सप्ताह पहले उसकी मौत हो गयी। बेटी की मौत के बाद से राधा काफी परेशान चल रही थी।

बच्ची की मौत के बाद सदमे में थी राधा

परिजनों के अनुसार, नवजात बच्ची की मौत का राधा पर गहरा असर पड़ा था। परिवार के सदस्यों का कहना है कि वह बच्ची की मौत के सदमे से उबर नहीं पा रही थी।

मृतका के भाई ने पुलिस को दिए आवेदन में यह भी स्पष्ट किया है कि घटना के लिए उसके जीजा या ससुराल पक्ष के किसी सदस्य को जिम्मेदार नहीं माना जाए। पुलिस ने इसी आवेदन के आधार पर मामला दर्ज किया है।

कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर हुई आशंका

बताया गया कि सोमवार सुबह काफी देर तक राधा के कमरे का दरवाजा नहीं खुला। इस पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। जब दरवाजा खोला गया तो राधा का शव फंदे से लटका मिला।

घटना की जानकारी तत्काल बिहारीगंज पुलिस को दी गयी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मधेपुरा भेज दिया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

बिहारीगंज थानाध्यक्ष लवकुश कुमार ने बताया कि मृतका के भाई के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की विभिन्न बिंदुओं से जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल नवजात की मौत के बाद महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है।