फेसबुक पर प्यार, ब्लॉक होने पर 1000 किमी दूर पहुंचा युवक, प्रेमिका के घर जहर खाने से मौत
बगहा/पश्चिमी चंपारण। फेसबुक से शुरू हुई एक कथित प्रेम कहानी का अंत बेहद दर्दनाक हो गया। मध्य प्रदेश का एक 25 वर्षीय युवक कथित तौर पर सोशल मीडिया पर संपर्क टूटने के बाद करीब 1000 किलोमीटर दूर बिहार के बगहा पहुंच गया। यहां वह उस महिला से मिलने उसके घर पहुंचा, लेकिन कुछ देर बाद कथित तौर पर जहरीली दवा खा ली। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने के दौरान युवक की मौत हो गई।
घटना पटखौली थाना क्षेत्र के डीह डुमवलिया गांव की बताई जा रही है। मंगलवार दोपहर हुई इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
फेसबुक से शुरू हुई थी दोनों की बातचीत
मृतक की पहचान मध्य प्रदेश निवासी लाड़ सिंह राठौर के 25 वर्षीय पुत्र शेखर राठौर के रूप में हुई है। बताया गया कि शेखर मध्य प्रदेश के एक रेस्टोरेंट में फास्ट फूड बनाने का काम करता था।
जिस महिला से मिलने वह बगहा पहुंचा था, वह डीह डुमवलिया निवासी विश्वनाथ शर्मा की 32 वर्षीय बेटी प्रीति कुमारी बताई जा रही है। महिला शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं।
महिला के अनुसार, उसकी और शेखर की मुलाकात फेसबुक के जरिए हुई थी। बातचीत धीरे-धीरे बढ़ी और दोनों के बीच कथित तौर पर प्रेम संबंध बन गए। दोनों करीब ढाई साल तक संपर्क में रहे, लेकिन बाद में उनके बीच विवाद होने लगा।
ब्लॉक करने के बाद बिहार पहुंच गया युवक
महिला ने पुलिस को बताया कि विवाद के बाद उसने शेखर को फेसबुक पर ब्लॉक कर दिया। इसके बाद शेखर ने फोन के जरिए संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन महिला ने उसका नंबर भी ब्लॉक कर दिया।
आरोप है कि युवक ने अलग-अलग नंबरों से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन महिला ने हर बार उसे ब्लॉक कर दिया। इसके बाद शेखर मध्य प्रदेश से बिहार के बगहा पहुंच गया।
हाथ में दवा और पानी की बोतल लेकर पहुंचा
महिला के मुताबिक, शेखर जब उसके घर पहुंचा तो उसके हाथ में दवा और पानी की बोतल थी। उसने महिला से मोबाइल फोन मांगा। महिला ने मोबाइल देने से इनकार किया तो युवक ने कथित तौर पर दवा खा ली।
महिला के अनुसार, वह मदद के लिए आसपास के लोगों को बुलाने बाहर गई। इसी दौरान युवक ने कथित तौर पर घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। ग्रामीणों ने किसी तरह दरवाजा खुलवाया और पुलिस को सूचना दी।
गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया
सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और युवक को बगहा अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे जीएमसीएच, बेतिया रेफर कर दिया।
हालांकि, अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही युवक की मौत हो गई।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। नगर थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने पुलिस टीम को मौके पर भेजकर जांच शुरू कराई।
बगहा एसडीपीओ निहार भूषण ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजन अस्पताल पहुंच रहे हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। युवक ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसके पीछे केवल सोशल मीडिया पर ब्लॉक किए जाने की वजह थी या दोनों के बीच कोई अन्य विवाद था, इसका स्पष्ट खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।