खगड़िया। खगड़िया पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए गुम और चोरी हुए 43 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 8.06 लाख रुपये बताई गई है।
इसकी जानकारी सोमवार को पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने साइबर तकनीक और तकनीकी विश्लेषण की मदद से गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रेस किया। सत्यापन के बाद मोबाइल के वास्तविक धारकों को पुलिस कार्यालय बुलाकर उनके फोन वापस किए गए।
लंबे समय बाद मोबाइल पाकर खिले चेहरे
मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। लोगों ने खगड़िया पुलिस की इस पहल के लिए आभार जताया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान कोई नया अभियान नहीं है, बल्कि यह पहले से संचालित अभियान है। खगड़िया जिले में इसे अब और प्रभावी और तेज गति से चलाया जा रहा है।
पूरे अभियान का संचालन साइबर डीएसपी, खगड़िया के नेतृत्व में किया जा रहा है। एसपी ने बताया कि इससे पहले भी ऑपरेशन मुस्कान के तहत करीब 50 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए जा चुके हैं।
साइबर थाना ने सबसे ज्यादा 18 मोबाइल किए बरामद
इस बार बरामद 43 मोबाइल में सबसे ज्यादा 18 मोबाइल साइबर थाना की कार्रवाई से बरामद हुए हैं। इसके अलावा अलग-अलग थानों की टीम ने भी मोबाइल बरामद किए।
महेशखूंट थाना: 5 मोबाइल
मानसी थाना: 4 मोबाइल
अलौली: 3 मोबाइल
भरतखंड: 3 मोबाइल
मुफस्सिल: 2 मोबाइल
चित्रगुप्तनगर: 2 मोबाइल
बहादुरपुर: 2 मोबाइल
चौथम: 2 मोबाइल
अमौसी: 1 मोबाइल
मोरकाही: 1 मोबाइल
गुम या चोरी मोबाइल की बरामदगी जारी रहेगी
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आम लोगों के गुम या चोरी हुए मोबाइल फोन को तकनीकी माध्यम से खोजकर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाना ऑपरेशन मुस्कान का मुख्य उद्देश्य है। इसके लिए पुलिस की तकनीकी टीम लगातार काम कर रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी का अभियान आगे भी जारी रहेगा और तकनीकी माध्यम से अधिक से अधिक मोबाइलों को ट्रेस कर उनके मालिकों को वापस किया जाएगा।