तीसरी सोमवारी को उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़: DM-SP ने सिंहेश्वर मंदिर का किया निरीक्षण, बैरिकेडिंग बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
मधेपुरा। सावन माह की तीसरी सोमवारी को बाबा सिंहेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिला पदाधिकारी अभिषेक रंजन और पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह ने संयुक्त रूप से सिंहेश्वर मंदिर परिसर और शिवगंगा का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं के सुगम जलाभिषेक, भीड़ नियंत्रण, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।
पुरुष श्रद्धालुओं की बैरिकेडिंग बढ़ाने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीएम ने संभावित भीड़ को देखते हुए पुरुष श्रद्धालुओं के लिए की गई बैरिकेडिंग को जीआई पाइप के माध्यम से और विस्तारित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे श्रद्धालुओं को जलाभिषेक के दौरान कम से कम परेशानी हो और वे सुविधापूर्वक पूजा-अर्चना कर मंदिर से बाहर निकल सकें।
शिवगंगा घाट पर भी बढ़ेगी सुरक्षा
डीएम ने शिवगंगा घाट पर की गई बैरिकेडिंग की भी समीक्षा की और आवश्यक सुधार एवं विस्तार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के स्नान के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना की संभावना नहीं रहनी चाहिए। घाट पर सुरक्षा के साथ साफ-सफाई और जरूरी मूलभूत सुविधाएं भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
मंदिर परिसर में नियमित सफाई के निर्देश
जिला पदाधिकारी ने मंदिर परिसर और शिवगंगा में नियमित एवं बेहतर साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया। नगर पंचायत सिंहेश्वर के कार्यपालक पदाधिकारी को तत्काल सफाई कराने के साथ नियमित रूप से सफाई कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि परिसर और आसपास कहीं भी कचरा जमा न हो।
अतिरिक्त पुलिस बल की होगी तैनाती
पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह ने विधि-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को तीसरी सोमवारी के दौरान अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और प्रभावी भीड़ नियंत्रण व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों और जवानों से श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने को कहा। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने का भी निर्देश दिया गया।
पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात
जिला प्रशासन ने बताया कि सावन माह में बाबा सिंहेश्वर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। सिंहेश्वर मंदिर न्यास समिति की ओर से भी मंदिर परिसर में स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है।
नेपाल समेत आसपास के जिलों से पहुंचते हैं शिवभक्त
प्रशासन ने मधेपुरा के अलावा आसपास के जिलों और नेपाल से आने वाले शिवभक्तों से अपील की है कि वे निर्धारित व्यवस्था में सहयोग करें और शांतिपूर्ण तरीके से बाबा सिंहेश्वर का जलाभिषेक करें।
जिला प्रशासन ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन की ओर से संदेश दिया गया है—“आपकी आस्था हमारी जिम्मेदारी है। सभी शिवभक्तों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम जलाभिषेक के लिए प्रशासन पूरी तरह तत्पर है।”