Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:फर्जी प्रेस आईडी के सहारे 3-4 साल से पत्रकार होने का दावा, शंकरपुर में युवक गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, August 27, 2026

MADHEPURA:फर्जी प्रेस आईडी के सहारे 3-4 साल से पत्रकार होने का दावा, शंकरपुर में युवक गिरफ्तार

फर्जी प्रेस आईडी के सहारे 3-4 साल से पत्रकार होने का दावा, शंकरपुर में युवक गिरफ्तार

मधेपुरा जिले के शंकरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने फर्जी प्रेस आईडी कार्ड का इस्तेमाल कर खुद को पत्रकार बताने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रायभीड़ वार्ड-09 निवासी प्रिंस कुमार, पिता परमेश्वरी दास के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, प्रिंस कुमार पिछले तीन-चार वर्षों से खुद को IDEACITI NEWS NETWORK का पत्रकार बताता था। आरोप है कि वह इस पहचान का इस्तेमाल आम लोगों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों पर दबाव बनाने के लिए करता था।

मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के पास मौजूद प्रेस आईडी कार्ड और संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन कराया। दस्तावेजों को संबंधित न्यूज चैनल के संपादक-प्रकाशक के पास भेजा गया।

चैनल ने बताया- फर्जी है प्रेस आईडी

सत्यापन के दौरान न्यूज चैनल की ओर से पुलिस को बताया गया कि आरोपी के पास मौजूद प्रेस आईडी उनके संस्थान द्वारा जारी नहीं की गई थी। चैनल ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रिंस कुमार का संस्थान से कोई संबंध नहीं है और उसे वहां किसी पद पर कार्य करने की अनुमति नहीं दी गई थी।

पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया आईडी कार्ड फर्जी और डुप्लीकेट पाया गया। इसके बाद मामले में आगे की जांच शुरू की गई।

जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय से भी कराया सत्यापन

पुलिस ने मामले की पुष्टि के लिए जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी, मधेपुरा से भी सत्यापन कराया। पुलिस के अनुसार, वहां से भी प्रिंस कुमार के पास पत्रकार के रूप में कोई वैध अनुज्ञप्ति नहीं होने की पुष्टि हुई।

जांच में मिले दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

न्यायिक हिरासत में भेजा गया

पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की आगे जांच जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित फर्जी पत्रकार की पहचान का इस्तेमाल किन-किन लोगों या मामलों में किया गया और इसका उद्देश्य क्या था।

फर्जी प्रेस आईडी के जरिए पत्रकार होने का दावा कर लोगों और अधिकारियों पर कथित रूप से दबाव बनाने का यह मामला सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।