ट्रांसफॉर्मर से तेल चोरी करते दो युवक गिरफ्तार: ग्रामीणों ने रंगेहाथ पकड़ा, 2 लीटर तेल और दो बाइक जब्त; ₹96 हजार की क्षति
कुमारखंड (मधेपुरा)। कुमारखंड थाना क्षेत्र के रामगंज कोरलाही में रविवार रात ट्रांसफॉर्मर से तेल चोरी करने का मामला सामने आया है। वार्ड संख्या-2 और 3 के बीच लगे विद्युत ट्रांसफॉर्मर से तेल निकाल रहे दो युवकों को स्थानीय ग्रामीणों ने रंगेहाथ पकड़ लिया। सूचना मिलने पर बिजली विभाग की टीम और कुमारखंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने मौके से करीब दो लीटर ट्रांसफॉर्मर तेल और चोरी में इस्तेमाल की जा रही दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। पकड़े गए युवकों की पहचान तरुण कुमार (30), पिता देबू शर्मा, निवासी रामगंज कोरलाही वार्ड संख्या-2 और रवेन कुमार शर्मा (19), पिता उमेश शर्मा, निवासी रामगंज कोरलाही वार्ड संख्या-1 के रूप में हुई है।
रात 10 बजे ग्रामीणों ने दी सूचना
जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब 10:05 बजे ग्रामीणों ने बिजली विभाग के कनीय विद्युत अभियंता शम्भू कुमार को सूचना दी कि रामगंज कोरलाही में लगे ट्रांसफॉर्मर से दो युवक तेल निकाल रहे हैं।
सूचना मिलते ही कनीय विद्युत अभियंता शम्भू कुमार मानवबल निर्मल कुमार सिंह, कपिलदेव पासवान, कनीय सारणी पुरुष सन्नी कुमार और तकनीशियन अनिश कुमार के साथ करीब 10:30 बजे मौके पर पहुंचे।
गैलन में मिला करीब दो लीटर ट्रांसफॉर्मर तेल
बिजली विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया था। तलाशी के दौरान उनके पास से हरे रंग के प्लास्टिक गैलन में करीब दो लीटर ट्रांसफॉर्मर तेल बरामद किया गया।
घटनास्थल से दो मोटरसाइकिलें भी मिलीं, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया। इसके बाद दोनों युवकों को कुमारखंड थाना ले जाया गया।
कंपनी को 96,242 रुपये से अधिक की क्षति
विद्युत विभाग के अनुसार ट्रांसफॉर्मर से तेल चोरी होने के कारण नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड को करीब 96,242 रुपये की आर्थिक क्षति हुई है।
विभाग के अधिकारियों का कहना है कि ट्रांसफॉर्मर से तेल चोरी होने पर विद्युत उपकरणों की कार्यक्षमता प्रभावित होने के साथ-साथ उसकी सुरक्षा पर भी असर पड़ सकता है। इससे ट्रांसफॉर्मर के खराब होने और बिजली आपूर्ति बाधित होने का खतरा बना रहता है।
पूर्व की चोरी की घटनाओं में भी जांच की मांग
कनीय विद्युत अभियंता शम्भू कुमार ने कुमारखंड थाना में लिखित आवेदन देकर दोनों युवकों के खिलाफ विद्युत अधिनियम समेत अन्य सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में क्षेत्र में पूर्व में भी ट्रांसफॉर्मर से तेल चोरी की घटनाएं होने का उल्लेख किया गया है। बिजली विभाग ने पुलिस से यह भी जांच करने की मांग की है कि गिरफ्तार दोनों युवकों की इन पुरानी घटनाओं में कोई संलिप्तता है या नहीं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही बरामद तेल और दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।