Kosi Live-कोशी लाइव CRIME:पूर्णिया मेडिकल कॉलेज में चोरी करते युवक रंगे हाथ गिरफ्तार, जेब से स्मैक बरामद; नशे की खुराक के लिए करता था चोरी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, August 10, 2026

CRIME:पूर्णिया मेडिकल कॉलेज में चोरी करते युवक रंगे हाथ गिरफ्तार, जेब से स्मैक बरामद; नशे की खुराक के लिए करता था चोरी

पूर्णिया मेडिकल कॉलेज में चोरी करते युवक रंगे हाथ गिरफ्तार, जेब से स्मैक बरामद; नशे की खुराक के लिए करता था चोरी

पूर्णिया। पूर्णिया मेडिकल कॉलेज (GMCH) परिसर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच सुरक्षाकर्मियों ने एक युवक को चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी का सामान, बाथरूम के नल, स्मैक की पुड़िया और चोरी में इस्तेमाल होने वाले छोटे औजार बरामद किए गए। पूछताछ में युवक ने नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी करने की बात स्वीकार की है।

गिरफ्तार युवक की पहचान मोनू कुमार (35) के रूप में हुई है। सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी को मेडिकल कॉलेज परिसर में बने टीओपी के हवाले कर दिया, जहां पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

बाथरूम से लगातार गायब हो रहे थे नल और सामान

मेडिकल कॉलेज परिसर में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। खासकर अस्पताल के बाथरूम से पानी के नल और अन्य धातु के सामान गायब हो रहे थे। लगातार हो रही चोरी को देखते हुए अस्पताल प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों को विशेष रूप से सतर्क किया गया था।

रविवार को मोनू कुमार अस्पताल परिसर में संदिग्ध अवस्था में घूम रहा था। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों की नजर उस पर पड़ी। शक होने पर सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोककर पूछताछ की और तलाशी ली। इसी दौरान उसके पास चोरी का सामान मिला, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।

जेब से स्मैक की पुड़िया और चोरी के औजार बरामद

तलाशी के दौरान आरोपी की जेब से स्मैक की पुड़िया, नशा करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री, बाथरूम के नल और कई छोटे औजार बरामद किए गए। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी को मेडिकल कॉलेज परिसर में स्थित टीओपी को सौंप दिया।

पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर चोरी की बात स्वीकार की। उसने बताया कि वह लंबे समय से स्मैक का सेवन करता है और नशे की खुराक खरीदने के लिए पैसों की जरूरत होती थी।

6-7 साल से नशे की लत, नल और बर्तन बेचकर जुटाता था पैसे

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले करीब 6-7 वर्षों से स्मैक का आदी है। नशे की खुराक के लिए पैसे जुटाने के उद्देश्य से वह पूर्णिया शहर के अलग-अलग इलाकों में चोरी करता था।

आरोपी के अनुसार, अस्पताल और अन्य जगहों से चोरी किए गए नल व धातु के सामान को वह लखन चौक स्थित बर्तन की दुकानों में कम कीमत पर बेच देता था। चोरी से मिले पैसों का इस्तेमाल वह कथित तौर पर नशा खरीदने में करता था।

स्मैक की सप्लाई और चोरी के सामान खरीदने वालों की जांच

आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उससे मिली जानकारी के आधार पर आगे की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी का सामान किन दुकानदारों को बेचा जाता था और आरोपी तक स्मैक कहां से पहुंचता था।

पुलिस की जांच में यदि चोरी के सामान की खरीद-बिक्री और स्मैक सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।