‘हाथी चले बाजार, कुत्ते भौंके हजार’ बयान पर BPSC परीक्षा नियंत्रक निलंबित, CM सम्राट चौधरी ने दिए कार्रवाई के आदेश
पटना: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आदेश के बाद निलंबित कर दिया गया है। सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिए गए उनके एक बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री ने मामले का संज्ञान लिया और सामान्य प्रशासन विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही थी कहावत
BPSC ने TRE-4 परीक्षा से जुड़ी जानकारी देने के लिए सोमवार को अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई थी। परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह ने परीक्षा से संबंधित जानकारी देने के बाद मीडिया के सवालों के जवाब दिए।
इसी दौरान BPSC को लेकर फैल रही कथित भ्रांतियों से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा- ‘हाथी चले बाजार, कुत्ते भौंके हजार।’
उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। TRE-4 में एकल परीक्षा की मांग कर रहे शिक्षक अभ्यर्थियों ने भी इस बयान पर नाराजगी जताई।
BPSC के बारे में भ्रांतियां फैलाने का किया था जिक्र
राजेश कुमार सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा था कि BPSC को लेकर भ्रांतियां फैलाई जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि पहले भी आयोग पर लगाए गए आरोप अदालत में निराधार साबित हुए हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ कोर्ट में शिकायत करना आयोग का काम नहीं है। इसी संदर्भ में उन्होंने हाथी और कुत्ते वाली कहावत का इस्तेमाल किया था।
सफाई और माफी के बाद भी कार्रवाई
बयान वायरल होने के बाद राजेश कुमार सिंह ने वीडियो जारी कर सफाई दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने यह कहावत एक खास संदर्भ में कही थी और उनका उद्देश्य किसी को ठेस पहुंचाना नहीं था।
उन्होंने कहा कि यदि उनके बयान से किसी को चोट पहुंची है तो वह इसके लिए माफी मांगते हैं। हालांकि, उनकी सफाई के बावजूद मुख्यमंत्री के निर्देश पर सामान्य प्रशासन विभाग ने उन्हें निलंबित कर दिया।
कौन हैं राजेश कुमार सिंह?
राजेश कुमार सिंह 2014 बैच के IAS अधिकारी हैं। UPSC परीक्षा पास करने के बाद उन्होंने बिहार कैडर चुना। वे 20 अक्टूबर 2024 तक बिहार लोक सेवा आयोग में अतिरिक्त सचिव के पद पर कार्यरत रहे। इसके बाद उन्हें BPSC का परीक्षा नियंत्रक बनाया गया था।
अब मुख्यमंत्री के आदेश के बाद उन्हें परीक्षा नियंत्रक के पद से निलंबित कर दिया गया है।